Logo
election banner
Mumbai Indians IPL 2024 Playoffs Scenario: मुंबई इंडियंस को केकेआर के खिलाफ मैच में हार का सामना करना पड़ा। क्या इस हार के बाद भी हार्दिक पंड्या की टीम आईपीएल 2024 के प्लेऑफ में पहुंच सकती है। यहां जाने समीकरण।

Mumbai Indians IPL 2024 Playoffs Scenario: आईपीएल 2024 में मुंबई इंडियंस को शुक्रवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के हाथों 24 रन से हार का सामना करना पड़ा। ये इस सीजन में मुंबई की 11 मैच में 8वीं हार है। अब लीग स्टेज में मुंबई के तीन और मैच बचे हैं। ऐसे में सवाल ये उठता है कि क्या हार्दिक पंड्या की अगुआई वाली मुंबई इंडियंस का आईपीएल 2024 में गेम ओवर हो गया है? या अब भी मुंबई के पास आईपीएल के प्लेऑफ में पहुंचने का कोई रास्ता है। आइए जानते हैं। 

पांच बार की IPL चैंपियन मुंबई इंडियंस के पास सनराइजर्स हैदराबाद, कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ अपनी ताकत साबित करने के लिए तीन और मैच हैं। लगातार चार मैच हार चुकी मुंबई इंडियंस को आईपीएल के प्लेऑफ में जगह पक्की करने के लिए अपने बाकी बचे 3 मैच जीतने ही होंगे।

क्या MI अब भी क्वालिफायर में पहुंच सकती है?
इसका जवाब फिलहाल हां है। अगर आंकड़ों के हिसाब से बात करें तो, मुंबई इंडियंस के पास अभी भी आईपीएल 2024 के प्लेऑफ़ के लिए क्वालीफाई (IPL 2024 Qualifiers Scenario) करने का मौका है अगर वो अपने शेष तीनों मैच जीत जाते हैं। इससे मुंबई के 12 अंक हो जाएंगे। हालांकि, हकीकत में ऐसा होता नहीं दिख रहा। टीम का हालिया प्रदर्शन ऐसा नहीं कि वो लगातार तीन मैच जीत जाए और सिर्फ तीनों मैच जीतने से मुंबई की प्लेऑफ की राह आसान नहीं होगी, बल्कि उसे दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा। 

अगर-मगर के फेर में फंसा मुंबई इंडियंस का सफर
आईपीएल 2024 पॉइंट्स टेबल (IPL 2024 Points Table) को देखें तो मुंबई इंडियंस शीर्ष दो स्थान पर बैठी राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए तो खतरा बनती नहीं दिख रही। क्योंकि राजस्थान और केकेआर के खाते में क्रमश: 16 और 14 अंक हैं। मुंबई की प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने की संभावना सनराइजर्स हैदराबाद (12 अंक) और लखनऊ सुपर जाइंट्स (12 अंक) पर निर्भर करेगी। 

अगर ये दोनों टीमें अपने बाकी बचे चारों मैच हार जाती हैं और बाकी बची टीमें भी 12 अंक तक नहीं पहुंच पाती हैं। तो मुंबई की कुछ उम्मीद बंध सकती है। ऐसा अगर हो भी जाता है तो भी मुंबई को प्लेऑफ की रेस में बाकी टीमों को पीछे छोड़ने के लिए बाकी बचे मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे ताकि टीम का नेट रनरेट बाकी टीमों से बेहतर हो जाए। यानी इतने अगर-मगर की बाधाओं को पार करके ही मुंबई प्लेऑफ का टिकट कटा सकती है। 

5379487