Noida Valentine Day incident: उत्तर प्रदेश के सबसे खास शहरों में एक नोएडा में वैलेंटाइन डे पर एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी थी। जिसके बाद उसने खुद को भी खत्म कर लिया था। अब इस मामले में एक नया खुलासा हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इन दोनों की प्रेम कहानी लगभग 15 साल पुरानी थी। लेकिन पिछले एक साल से इस रिश्ते में खटास पैदा हो गई थी। दोनों में पिछले एक साल से मनमुटाव चल रहा था और यह 15 साल पुरानी प्रेम कहानी लगभग अलगाव की तरफ जा रही थी।
पुलिस ने बताया कि जांच में सामने आया है कि लड़की ने लड़के से पिछले एक साल से दूरी बना ली थी और वह उससे शादी नहीं करना चाहती थी। बताया जा रहा है कि वारदात के दिन भी लड़के ने लड़की को शादी के लिए मनाने की कोशिश की थी और जब वह नहीं मानी तो इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।
15 साल से थे एक साथ
बताया जा रहा है कि दिल्ली का रहने वाला सुमित और नोएडा के सलारपुर की रहने वाली लड़की रेखा दोनों एक दूसरे को काफी लंबे समय से जानते थे। दोनों ने 10वीं और 12वीं की एक साथ पढ़ाई की और इसी दौरान उन्हें प्यार हो गया। लेकिन एक समय के बाद रेखा ने सुमित से दूरी बनानी शुरू कर दी। लड़की ने अपने परिवार के लोगों से भी साफ कह दिया था कि वह सुमित के साथ शादी नहीं करना चाहती है। बताया जा रहा है कि रेखा के लिए उसके परिवार के लोग दूसरा रिश्ता देख रहे थे। दूसरे लड़के के साथ उसके शादी की बातचीत चल रही थी और जल्द ही शादी तय होने वाली थी।
क्यों उठाया यह कदम?
पुलिस का मानना है कि सुमित से इसी बात से परेशान हो रहा था और शायद उसने रेखा को आखिरी बार शादी के लिए मनाने के लिए बुलाया होगा। बताया जा रहा है कि वारदात के दिन उसने किसी तरह से लड़की को कार में बिठाया। शक है कि उसने इस दौरान पहले उसे शादी के लिए मनाने की कोशिश की होगी और जब वह नहीं मानी तो इस वारदात को अंजाम दिया होगा और बाद में खुद को भी खत्म कर लिया। 13 फरवरी को सुमित की कार को महामाया फ्लाईओवर के पास देखा गया था। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी भी तरह की हाथापाई का जिक्र नहीं किया गया है।










