Logo
election banner
DC vs MI Highlights: दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 10 रन से हरा दिया। दिल्ली के 258 रन का लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई 247 रन ही बना पाई।

DC vs MI Highlights: आईपीएल 2024 के 43वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 10 रन से हरा दिया। जीत के हीरो जेक फ्रेजर रहे। उनकी 87 रन की पारी में मुंबई उड़ गई। फ्रेजर ने 11 चौके और 6 छक्के उड़ाए। इसके साथ ही मुंबई इंडियंस की सीजन में छठवीं हार हो गई। 

इससे पहले अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 257 रन बनाए। इसके जवाब में मुंबई इंडियंस 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 247 रन ही बना पाई। हार्दिक पंड्या और तिलक वर्मा के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई। पंड्या 46 रन की पारी खेलकर आउट हो गए। रसिख सलाम ने मुंबई इंडियंस को पारी के 13वें ओवर में दो झटके दिए। उन्होंने पहले हार्दिक पांड्या का शिकार किया। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आए नेहल वढेरा को रसिक ने आउट किया। वह सिर्फ चार रन बना सके। 

इससे पहले, दिल्ली के लिए ओपनर जेक फ्रेजर ने 27 गेंद में 84 रन कूटे थे। उन्होंने दूसरी बार इस सीजन में महज 15 गेंद में अर्धशतक जमाया। फ्रेजर ने अपनी पारी में 6 छक्के और 11 चौके मारे। फ्रेजर के अलावा ट्रिस्टन स्टब्स ने भी धुंआधार पारी खेली। स्टब्स ने 25 गेंद में नाबाद 48 रन ठोके। उन्होंने 6 चौके और 2 छक्के उड़ाए। शाई होप ने भी 41 रन बनाए। इससे पहले जेक फ्रेजर और अभिषेक पोरेल की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 7.3 ओवर में 114 रन जोड़े थे। जसप्रीत बुमराह को छोड़ दें तो मुंबई के सभी गेंदबाजों की खुब धुनाई हुई। 

स्टब्स ने ल्यूक वुड के एक ओवर में 6 बाउंड्री मारी। एक ओवर में कुल 26 रन कूटे। इस ओवर में स्टब्स ने 5 चौके और 1 छक्का मारा। मुंबई की टीम में एक बदलाव हुआ। पेट में तकलीफ की वजह से गेराल्ड कोएट्जी नहीं खेल रहे हैं। उनके स्थान पर ल्यूक वुड को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है। ऋषभ पंत ने टॉस के बाद कहा कि हम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी ही करते। इस मैच में दिल्ली ने भी प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। पृथ्वी शॉ के स्थान पर कुमार कुशाग्र खेल रहे हैं। लिजाड विलियम्स दिल्ली की तरफ से डेब्यू कर रहे। 

दिल्ली कैपिटल्स ने अपने पिछले मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 4 रन से हराया था। इस सीजन में अबतक खेले 9 मैच में से दिल्ली ने 4 जीते हैं जबकि पांच में उसे हार का मुंह देखना पड़ा है। वहीं, हार्दिक पंड्या की अगुआई वाली मंबई इंडियंस का भी हाल बुरा ही है। अबतक खेले 8 में से 3 मैच ही मुंबई ने जीते हैं। प्लेऑफ की रेस में अगर बने रहना है तो फिर हर हाल में दोनों टीमों को ये मुकाबला जीतना होगा। 

दोनों टीमों के बीच हुआ पिछला मैच मुंबई इंडियंस ने जीता था। उस मुकाबले में मुंबई ने 234 रन ठोके थे। जवाब में दिल्ली की टीम 205 रन ही बना सकी थी। ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स अपने घर में मुंबई से पिछली हार का हिसाब चुकता करना चाहेगी। 

दोनों टीमों की प्लेइंग-11

दिल्ली कैपिटल्स: कुमार कुशाग्र, जेक फ्रेजर, शाई होप, ऋषभ पंत (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, अभिषेक पोरेल, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, लिजाड विलियम्स, मुकेश कुमार, खलील अहमद। इम्पैक्ट सब: रसिख दार सलाम, प्रवीण दुबे, विक्की ओस्तवाल, रिकी भुई, सुमित कुमार।

मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), टिम डेविड, नेहल वढेरा, मोहम्मद नबी, ल्यूक वुड, जसप्रीत बुमराह, पीयूष चावला, नुवान तुषारा। इम्पैक्ट सब: सूर्यकुमार यादव, नमन धीर, शम्स मुलानी, डेवाल्ड ब्रेविस, कुमार कार्तिकेय।

5379487