Logo
William Lai Taiwan Won Presidential Election: ताइवान को नया राष्ट्रपति मिल गया है। सत्तारूढ़ डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (DPP) के नेता विलियम लाई चिंग-ते ने शनिवार को ताइवान के राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल की।

William Lai Taiwan Won Presidential Election: ताइवान को नया राष्ट्रपति मिल गया है। सत्तारूढ़ डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (DPP) के नेता विलियम लाई चिंग-ते ने शनिवार को ताइवान के राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल की। उनकी पार्टी ने लगातार तीसरी बार सत्ता में आकर इतिहास कायम किया है। हालांकि उनकी जीत से चीन और ताइवान के बीच तनाव बढ़ने के पूरे आसार हैं। क्योंकि लाई को चीन का कट्टर विरोधी माना जाता है। चीन ने चुनाव से पहले लाई चिंग को अलगाववादी घोषित कर दिया था। चीन ने ताइवान की जनता से कहा था कि अगर वे सैन्य संघर्ष से बचना चाहते हैं उन्हें सही विकल्प का चुनाव करना होगा। 

लाई चिंग बोले- हम दुनिया के लोकतंत्रों के साथ खड़े रहेंगे
लाई चिंग निर्वतमान उपराष्ट्रपति हैं। उनकी पार्टी डीपीपी ताइवान की अलग पहचान की वकालत करती है और चीन के क्षेत्रीय दावों को खारिज करती है। अपनी जीत पर विलियम लाई ने कहा कि हमने दुनिया को दिखाया है कि हम लोकतंत्र को कितना महत्व देते हैं। हम दुनिया के लोकतंत्रों के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने चीन का नाम लिए बगैर कहा कि ताइवान के लोगों ने इस चुनाव को प्रभावित करने की बाहरी ताकतों की कोशिशों का सफलतापूर्वक विरोध किया है।

लाई चिंग को दो उम्मीदवारों से मिली चुनौती
लाई चिंग के सामने दो उम्मीदवार राष्ट्रपति पद की रेस में थे। ताइवान की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी कुओमितांग (KMT) के होउ यू-इह और 2019 में स्थापित छोटी ताइवान पीपुल्स पार्टी के पूर्व ताइपे मेयर को वेन-जे। केएमटी को चीन का सपोर्टर माना जाता है। होउ यू इह राजनीति में उतरने से पहले पुलिस फोर्स के हेड रह चुके हैं। होउ ने चुनाव से पहले वादा किया था कि वे अगर चुनाव जीतते हैं तो चीन से संबंधों को बहाल करने पर जोर देंगे। वहीं, पूर्व ताइपे मेयर चीन और अमेरिका दोनों के साथ संबंध बनाने के हिमायती हैं। दोनों विरोधी नेताओं ने अपनी हार स्वीकार कर ली है।  

Watch Video...

लाई चिंग को मिले कितने वोट?
लाई चिंग ते को चुनाव में करीब 43.16 प्रतिशत मत मिले। अभी वोटों की गिनती जारी है। अब तक 98 प्रतिशत मतदान केंद्रों से नतीजे गिने गए। केंद्रीय चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, सुबह 8 बजे से वोटिंग शुरू हुई थी। शाम चार बजे तक 19.5 मिलियन वोटर्स ने मतदान किया। विलियम लाई के मुख्य प्रतिद्वंद्वी होउ यू-इह 33.4 प्रतिशत वोटों के साथ पीछे रहे। 

Taiwan Election
Taiwan Election

हर चार साल बाद राष्ट्रपति का चुनाव
ताइवान में राष्ट्रपति का कार्यकाल चार साल का होता है। ताइवान में कोई भी राष्ट्रपति दो कार्यकाल से ज्यादा पद पर नहीं रह सकता है। वर्तमान में त्साई इन वेंग राष्ट्रपति थे। उनका दो बार का कार्यकाल पूरा हो चुका है। 

5379487