Logo
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच अब ऊर्जा सेक्टर सीधे निशाने पर आ गया है। कतर के रस लाफान इंडस्ट्रियल सिटी में स्थित दुनिया के सबसे बड़े LNG (लिक्विफाइड नेचुरल गैस) प्लांट पर मिसाइल हमला होने से वैश्विक बाजार में हड़कंप मच गया है।

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच अब ऊर्जा सेक्टर सीधे निशाने पर आ गया है। कतर के रस लाफान इंडस्ट्रियल सिटी में स्थित दुनिया के सबसे बड़े LNG (लिक्विफाइड नेचुरल गैस) प्लांट पर मिसाइल हमला होने से वैश्विक बाजार में हड़कंप मच गया है।

कतर अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार देर रात दागी गई पांच मिसाइलों में से चार को हवा में ही रोक लिया गया, लेकिन एक मिसाइल सीधे रस लाफान परिसर में जा गिरी। इस हमले से इलाके में आग लग गई, जिसे बाद में काबू कर लिया गया।

कर्मचारी सुरक्षित, पहले ही खाली कराया गया प्लांट
कतर एनर्जी ने बताया कि हमले से पहले ही प्लांट को खाली करा लिया गया था, जिससे सभी कर्मचारियों की जान बच गई। कतर के गृह मंत्रालय ने भी पुष्टि की कि आग पर नियंत्रण पा लिया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

कतर का सख्त रुख, ईरानी अधिकारियों को देश छोड़ने का आदेश
हमले के बाद कतर ने कड़ा कदम उठाते हुए ईरानी सैन्य और सुरक्षा अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर देश छोड़ने का आदेश दिया है। कतर विदेश मंत्रालय ने इसे देश की संप्रभुता पर सीधा हमला और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए गंभीर खतरा बताया है।

पहले से ही ठप था उत्पादन, बढ़ा संकट
इससे पहले भी क्षेत्र में तनाव के चलते हॉर्मुज जलडमरूमध्य के जरिए टैंकर आवाजाही प्रभावित हो चुकी थी। इसी कारण रस लाफान से LNG उत्पादन पहले ही रोक दिया गया था और “फोर्स मेज्योर” घोषित कर दिया गया था।

अब ताजा हमले के बाद वैश्विक गैस सप्लाई को लेकर चिंता और बढ़ गई है। एशिया और यूरोप जैसे क्षेत्र, जो आयातित गैस पर निर्भर हैं, वहां कीमतों में तेज उछाल देखने को मिल सकता है।

अबू धाबी और सऊदी अरब भी अलर्ट पर
हमले के कुछ ही घंटों बाद अबू धाबी के हबशान गैस प्लांट को भी एहतियातन बंद कर दिया गया। वहीं सऊदी अरब ने भी अपने गैस प्लांट पर ड्रोन हमले को नाकाम करने का दावा किया है।

तेल-गैस की कीमतों में उछाल
इस पूरे घटनाक्रम के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल और गैस की कीमतों में तेजी देखने को मिली है। ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतें 8% तक उछलकर 111 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गईं।

7