India-Pakistan tension: पहलगाम हमले के बाद से पाकिस्तान में डर का माहौल है। पाकिस्तानी सेना और सरकार का कहना है कि भारत किसी भी वक्त हमला कर सकता है। इस बीच पाकिस्तान ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कराची और लाहौर में अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया है। यह प्रतिबंध 31 मई तक रोजाना सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक उड़ानों पर लगाया गया है। हालांकि, सामान्य उड़ानों का संचालन जारी रहेगा।
सिविल एविएशन अथॉरिटी के अनुसार, यह प्रतिबंध केवल कुछ विशेष क्षेत्रों तक सीमित है और वाणिज्यिक उड़ानें वैकल्पिक मार्गों से संचालित होती रहेंगी। इससे यात्री उड़ानों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा, क्योंकि एयर ट्रैफिक कंट्रोलर विमानों को अलग मार्ग देंगे।
भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ा विवाद
पाकिस्तान के इस फैसले ने भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे हवाई क्षेत्र विवाद को और बढ़ा दिया है। गौरतलब है कि भारत ने भी पहलगाम आतंकी हमले के बाद 30 अप्रैल से 23 मई तक पाकिस्तानी विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया था।
पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वापसी की समयसीमा बढ़ी
इस बीच, भारत ने वाघा-अटारी सीमा पर फंसे पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वापसी की समयसीमा को अनिश्चित काल तक बढ़ा दिया है। हालांकि, अन्य सभी सीमा से आवागमन पर प्रतिबंध जारी है। सूत्रों के अनुसार, दर्जनों पाकिस्तानी नागरिक अभी भी सीमा पर फंसे हुए हैं।