Nepal Bus Accident: नेपाल में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें 18 लोगों की मौत हो गई। धादिंग जिले में यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर त्रिशूली नदी में जा गिरी। इस हादसे में 24 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। नेपाल की तीनों सुरक्षा एजेंसियां राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
तड़के सुबह हुआ दर्दनाक हादसा
यह भीषण दुर्घटना सोमवार रात करीब 1:30 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, बस पृथ्वी राजमार्ग पर चल रही थी, तभी बेनीघाट रोरंग ग्रामीण नगरपालिका-5 के भैंसीगौड़ा के पास अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और सीधे उफनती त्रिशूली नदी में जा गिरी। दुर्घटनास्थल से आई तस्वीरों में बस के परखच्चे उड़े हुए दिखाई दे रहे हैं, जिससे हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
#BREAKING : Nepal,Passenger Bus Accident in Benighat, Dhading: 17 Dead, 24 Injured
— mishikasingh (@mishika_singh) February 23, 2026
A passenger bus with registration GA 2 Kha 1421, traveling from #Pokhara to #Kathmandu, plunged into the #Trishuli River this morning. The accident occurred in the #Charaundi area of Dhading.… pic.twitter.com/L8SuIbnqYO
17 शव बरामद, रेस्क्यू में जुटे गोताखोर
सशस्त्र पुलिस बल (APF) के प्रवक्ता विष्णु प्रसाद भट्टा ने बताया कि अब तक 17 शवों को नदी और मलबे से बाहर निकाला जा चुका है। अन्य लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। बचाव कार्य के लिए नेपाल के आपदा प्रबंधन इकाई की एक विशेषज्ञ टीम तैनात की गई है, जिसमें गोताखोर भी शामिल हैं। नदी के तेज बहाव और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण बचाव दल को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
24 घायल यात्रियों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा बलों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घायल यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। उन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। फिलहाल मृत और घायल यात्रियों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस और प्रशासन यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि बस में कुल कितने यात्री सवार थे और हादसा चालक की लापरवाही से हुआ या किसी तकनीकी खराबी के कारण।
सुरक्षा एजेंसियों का संयुक्त अभियान
इस राहत अभियान का नेतृत्व आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण स्कूल के पुलिस उप अधीक्षक सुनील गिरी कर रहे हैं। नेपाल पुलिस, सेना और सशस्त्र पुलिस बल के जवान मिलकर लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं। अधिकारियों ने अंदेशा जताया है कि मृतकों की संख्या में अभी और इजाफा हो सकता है। हादसे की जांच के लिए प्रारंभिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है ताकि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।









