इजरायल के रक्षा मंत्री काट्ज ने दावा किया है कि एयरस्ट्राइक में ईरानी इंटेलिजेंस चीफ इस्माइल खतीब की मौत हो गई हैव। पीएम नेतन्याहू ने ईरानी अधिकारियों को खत्म करने के लिए सेना को फ्री हैंड दी है।

Esmail Khatib killed: पश्चिम एशिया में जारी भीषण संघर्ष के बीच इजरायल ने एक और बड़ी कामयाबी का दावा किया है। इजरायल के रक्षा मंत्री योव काट्ज (Yoav Katz) ने बुधवार, 18 मार्च को दावा किया है कि रात भर किए गए इजरायली हमलों में ईरान के इंटेलिजेंस चीफ इस्माइल खतीब (Esmail Khatib) मारे गए हैं। हालांकि, ईरान की ओर से अभी तक इस खबर की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

24 घंटे के भीतर तीन ईरानी अधिकारी की मौत
अगर यह दावा सच साबित होता है, तो यह 24 घंटे के भीतर ईरानी शासन के लिए तीसरा बड़ा झटका होगा। इससे पहले मंगलवार को ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारीजानी और ब्रिगेडियर जनरल गुलामरेजी सुलेमानी की हत्या की खबर आई थी। अब इंटेलिजेंस चीफ की मौत की खबर ने ईरान के रक्षा तंत्र को हिलाकर रख दिया है।

नेतन्याहू ने सेना को दी 'फ्री हैंड'
रक्षा मंत्री काट्ज ने स्पष्ट किया कि इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सेना (IDF) को किसी भी वरिष्ठ ईरानी अधिकारी को निशाना बनाने के लिए खुली छूट दे दी है। काट्ज़ ने कहा, "पीएम नेतन्याहू और मैंने सेना को आदेश दिया है कि जैसे ही खुफिया जानकारी मिले, बिना किसी अतिरिक्त मंजूरी के किसी भी वरिष्ठ ईरानी अधिकारी को खत्म कर दिया जाए। आज भी सभी मोर्चों पर महत्वपूर्ण सरप्राइज (चौंकाने वाली खबरें) देखने को मिलेंगे।"

ईरान की चुप्पी और बढ़ता तनाव
इजरायल के दावों पर ईरान की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि खुफिया मंत्री की मौत की पुष्टि होती है, तो ईरान की ओर से पलटवार बेहद घातक हो सकता है। इजरायल ने पहले ही अपने सभी मोर्चों पर हाई अलर्ट जारी कर दिया है।