ईरान ने इजरायल के हाइफा शहर पर मिसाइल हमला किया, जिससे एक अपार्टमेंट ब्लॉक ढह गया। इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई है।

हाइफा/तेल अवीव। इजरायल के उत्तरी शहर हाइफा में ईरान ने मिसाइल हमला कर दिया, जिसमें कम से कम दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। हमले के बाद पूरे मध्य इजरायल में सायरन गूंज उठे और लोगों में दहशत फैल गई।

जानकारी के मुताबिक, ईरान ने इजरायल की ओर चार मिसाइलें दागीं, जिनमें से एक भारी मिसाइल हाइफा के एक अपार्टमेंट ब्लॉक पर जाकर गिरी। इस हमले में इमारत का बड़ा हिस्सा ढह गया, जबकि बाकी हिस्सा भी असंतुलित हो गया, जिससे बचाव कार्य काफी चुनौतीपूर्ण हो गया।

हमले के बाद राहत और बचाव दल पूरी रात मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुटे रहे। सोमवार सुबह तक चले ऑपरेशन में दो शव बरामद किए गए, जबकि अन्य लोगों की तलाश जारी है।

इजरायली सेना के अनुसार, हमले के बाद और मिसाइलों की आशंका के चलते मध्य इजरायल में एयर रेड सायरन लगातार बजते रहे। हालांकि, बाद में जारी किए गए एक मिसाइल अलर्ट को हटा लिया गया।

बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह भी ईरान की ओर से तीन और मिसाइलें दागी गईं, जिनमें से ज्यादातर को इजरायल की एयर डिफेंस सिस्टम ने रास्ते में ही नष्ट कर दिया, जबकि कुछ मिसाइलें खुले क्षेत्रों में गिरीं।

हाइफा, इजरायल का तीसरा सबसे बड़ा शहर है, जो भूमध्य सागर के किनारे स्थित है और अपने रणनीतिक महत्व के कारण अक्सर हमलों का निशाना बनता रहा है। यह शहर लेबनान सीमा के करीब होने के कारण हिज़्बुल्लाह के रॉकेट हमलों की जद में भी रहता है।