Logo
election banner
Prague University Shooting Updates: गोलीबारी चार्ल्स यूनिवर्सिटी के आर्ट डिपार्टमेंट में हुई, जो 14वीं सदी के चार्ल्स ब्रिज जैसे प्रमुख पर्यटक स्थलों के पास स्थित है। इस गोलीबारी की घटना से पूरा देश हिल गया है। राजकीय शोक का ऐलान किया गया है।

Prague University Shooting Updates: चेक गणराज्य में राजधानी प्राग स्थित चार्ल्स यूनिवर्सिटी में गुरुवार रात फायरिंग हुई। प्राग्वे पुलिस के मुताबिक, फायरिंग में 15 स्टूडेंट्स की जान गई। जबकि 25 लोग घायल हैं। इनमें 13 की हालत गंभीर बताई गई है। 24 वर्षीय बंदूकधारी भी मारा गया। सोशल मीडिया पर वायरल कुछ फुटेज में स्टूडेंट्स बचने के लिए यूनिवर्सिटी के छज्जे पर छिपते नजर आए। उन्हें बचकर भागते देखा जा सकता है। यह पूरी घटना यूनिवर्सिटी के फिलॉसफी कैंपस में हुई, जहां अक्सर टूरिस्ट भी आते हैं। चेक गणराज्य ने 23 दिसंबर को राजकीय शोक घोषित किया है। 

पिता की हत्या कर चार्ल्स यूनिवर्सिटी पहुंचा था हमलावर
पुलिस प्रमुख मार्टिन वोंड्रासेक ने फायरिंग के बाद प्रेस को बताया कि 15 से अधिक लोगों की जान चली गई है। कम से कम 25 घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि जिस शख्स ने यूनिवर्सिटी में फायरिंग की, वह अपने पिता की हत्या का भी आरोपी था। उसका घर प्राग के पश्चिम में होस्टौन गांव में है। उसके पिता घर में मृत पाए गए। इसके बाद उसकी तलाश की जा रही थी। हमलावर घर से यह कहकर निकला था कि वह खुद को मारना चाहता था। 

सरेंडर करने के बजाय पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस को इनपुट मिला था कि हमलावर व्याख्यान देने के लिए यूनिवर्सिटी के आर्ट डिपार्टमेंट में आ सकता है। इसलिए पूरे भवन की तलाशी ली गई। लेकिन वह नहीं मिला। तभी गोलीबारी की सूचना मिली। तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हमलावर को सरेंडर करने के लिए कहा। लेकिन उसने पुलिस पर भी फायरिंग की। इस दौरान उसे कुछ गोलियां लगीं। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। 

राष्ट्रपति ने जताया दुख
गुरुवार को कॉलेज का आखिरी दिन था। स्टूडेंट क्रिसमस की छुट्टियों पर जाने वाले थे। चेक राष्ट्रपति पेट्र पावेल ने कहा कि वह हिंसा से स्तब्ध हैं और उन्होंने पीड़ितों के परिवारों और रिश्तेदारों के प्रति गहरा अफसोस और गंभीर संवेदना व्यक्त की है। यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने गोलीबारी की निंदा की। 

पहले भी हुईं गोलीबारी की घटनाएं
चेक गणराज्य में हिंसा असामान्य है। हाल के वर्षों में हुई कुछ घटनाओं ने पूरे देश को हिला दिया। एक 63 वर्षीय व्यक्ति ने 2015 में दक्षिणपूर्वी शहर उहेर्स्की ब्रोड के एक रेस्तरां में खुद को मारने से पहले सात पुरुषों और एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वहीं, 2019 में पूर्वी शहर ओस्ट्रावा के एक अस्पताल के वेटिंग हॉल में एक व्यक्ति ने छह लोगों की हत्या कर दी। कुछ दिनों बाद एक और महिला की मौत हो गई। हमले के करीब तीन घंटे बाद उस व्यक्ति ने खुद को गोली मार ली थी। 

5379487