Cuba Border Guard Shooting: क्यूबा के समुद्र तट पर बुधवार को एक भीषण गोलीबारी की घटना सामने आई है। फ्लोरिडा का एक स्पीडबोट के क्यूबाई जलक्षेत्र में प्रवेश करने के बाद क्यूबा की सुरक्षा बलों ने उस पर गोलियां बरसा दीं। जिसमें चार लोगों की मौत हो गई है और छह अन्य घायल हो गए। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इस मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, फ्लोरिडा में रजिस्टर्ड स्पीडबोट (नंबर FL7726SH) क्यूबा के विला क्लारा प्रांत में स्थित कायो फाल्कोन्स के पास एल पिनो चैनल में देखी गई थी।
क्यूबा ने कहा- आत्मरक्षा में की गई फायरिंग
क्यूबा के आंतरिक मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि जब उनके सीमा रक्षक सैनिकों ने नाव की पहचान करने के लिए उसके पास जाने की कोशिश की, तो नाव पर सवार किसी व्यक्ति ने पहले क्यूबा के सैनिकों पर गोली चला दी। इस हमले में क्यूबा के एक गश्ती नाव के कमांडर घायल हो गए, जिसके जवाब में सैनिकों ने आत्मरक्षा में फायरिंग की। इस जवाबी कार्रवाई में नाव पर सवार चार लोगों की जान चली गई।
Note from the Ministry of the Interior:
— Cuban Embassy in US (@EmbaCubaUS) February 25, 2026
On the morning of February 25, 2026, a violating speedboat was detected within Cuban territorial waters. The vessel, registered in Florida, United States, with registration number FL7726SH, approached up to 1 nautical mile northeast of the… pic.twitter.com/AEmwtAZ4lO
मार्को रुबियो ने सक्रिय की अमेरिकी दूतावास की टीम
इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि हवाना स्थित अमेरिकी दूतावास लगातार क्यूबा के अधिकारियों के संपर्क में है। अमेरिका अब जीवित बचे लोगों तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रहा है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि क्या वे अमेरिकी नागरिक या स्थायी निवासी हैं। रुबियो ने स्पष्ट किया कि जैसे ही पूरी जानकारी सामने आएगी, वाशिंगटन उचित कार्रवाई के लिए तैयार रहेगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अमेरिका यह जानना चाहता है कि आखिर उस समय समुद्र के बीच क्या हुआ था।
SECRETARY RUBIO on CUBA: What I’m telling you is we’re going to find out exactly what happened and who was involved. We’re not going to just take what somebody else tells us.
— Department of State (@StateDept) February 26, 2026
I’m very confident we will be able to know the story independently. pic.twitter.com/965ul2lC8b
व्हाइट हाउस की पैनी नजर और बढ़ता तनाव
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी इस घटना पर टिप्पणी करते हुए कहा कि व्हाइट हाउस पूरी स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रहा है। हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि वर्तमान में विवरण सीमित हैं और वे अधिक जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहे हैं। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका और क्यूबा के बीच संबंध काफी तनावपूर्ण हैं। वाशिंगटन ने हाल ही में क्यूबा को होने वाली तेल की आपूर्ति पर कड़े प्रतिबंध लगाए हैं, जिसके कारण यह कम्युनिस्ट देश दशकों के सबसे बड़े आर्थिक संकट और ईंधन की भारी किल्लत से जूझ रहा है।
फ्लोरिडा के अधिकारियों ने जताई चिंता
स्पीडबोट फ्लोरिडा में रजिस्टर्ड होने के कारण अमेरिकी सांसदों ने क्यूबा की कार्रवाई की निंदा की है। रिपब्लिकन सांसद कार्लोस ए. गिमेनेज ने अमेरिकी संपत्ति और नागरिकों के खिलाफ घातक बल के प्रयोग को बेहद गंभीर बताया है। उन्होंने इस मामले में जवाबदेही की मांग की है। दूसरी ओर, क्यूबा के गृह मंत्रालय ने अपने रुख को दोहराते हुए कहा कि वे अपने क्षेत्रीय जल की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं और राष्ट्रीय संप्रभुता उनके लिए सर्वोपरि है। फिलहाल, घायलों का इलाज क्यूबा में चल रहा है और मृतकों की पहचान उजागर नहीं की गई है।










