Logo
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ में चीनी मीडिया ने कसीदे गढ़े हैं। ग्लोबल टाइम्स ने लिखा है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत का आर्थिक विकास तेजी से हुआ है। साथ ही दुनिया में भी बढ़ा है रुतबा।

Chinese Media Praises PM Modi: चीनी मीडिया आउटलेट ग्लोबल टाइम्स ने भारत की तारीफ की है। यह मीडिया कंपनी चीनी सरकार का मुखपत्र माना जाता है। आम तौर पर यह भारत विरोधी खबर प्रकाशित करने और भारत के खिलाफ आग उगलने के लिए जाना जाता है। इसने पिछले चार वर्षों के दौरान भारत की उपलब्धियों पर एक लेख प्रकाशित किया है। इसमें कहा गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत ने आर्थिक विकास तो किया है साथ ही शहरी प्रशासन में भी बड़ा सुधार किया है। इस लेख में लिखा गया है कि भारत ने अपनी विदेश नीति खास तौर पर चीन के साथ अपने संबंधों को लेकर बड़ा बदलाव किया है। 

भारत ने चीन के साथ बदले व्यापारिक रिश्ते
ग्लोबल टाइम्स में यह लेख चीन के फुडन यूनिवर्सिटी, शंघाई के सेंटर फॉर साउथ एशियन स्टडीज के निदेशक झांग जियाडोंग ने लिखा है। जियाडोंगे ने पीएम मोदी के नेतृत्व में हुई भारत की आर्थिक वृद्धि, संबंधों में बदलाव, और बदली विदेश नीति की तारीफ की है। लेख में कहा गया है कि पहले भारत चीन के साथ व्यापार असंतुलन करने पर ज्यादा ध्यान देता था। अब भारत ऐसा नहीं कर रहा है। इसके बदले भारत अपनी निर्यात क्षमता बढ़ाने पर ज्यादा ध्यान दे रहा है। इससे चीन और भारत के व्यापारिक संबंधों में बड़ा बदलाव आया है। 

मजबूत हुआ है इंडिया नैरेटिव
चीनी मीडिया ने लिखा है कि भारत अपने इंडिया नैरैटिव को मजबूत कर रहा है। भारत ने इसके लिए दुनिया के कई देशों के साथ संबंध मजबूत किए हैं। जियाडोंग ने लिखा कि भारत हमेशा से अपने आप को वैश्विक शक्ति बताता रहा है। हालांकि, पिछले दस साल में भारत ने इस नैरेटिव को सेट करने की दिशा में कई अहम कदम उठाए हैं। इसने मल्टी बैलेंसिंग के बदले मल्टी एलाइनमेंट पर जोर देना शुरू कर दिया है। इसने अमेरिका, जापान और रूस जैसे देशों के साथ अपने रिश्ते मजबूत किए हैं। 

वर्ल्ड मेंटर बनने की कोशिश
लेख में कहा गया है कि भारत ने दुनिया में अपने संस्कृति को बढ़ावा देना शुरू कर दिया है। खास कर पश्चिमी देशों में अपने प्राचीन लोकतांत्रिक मूल्यों को हाइलाइट कर रहा है।  ऐसा करके भारत अंग्रेजी हुकूमत से भी पहले के अपने महत्व को बता रहा है। यह औपनिवेशिक भारत की परछाई से बाहर निकलना चाहता है और अपने आप को वर्ल्ड मेंटर के तौर पर दिखाना चाहता है।

5379487