LaGuardia Airport Crash: न्यूयॉर्क के व्यस्त LaGuardia Airport पर रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसने पूरे एविएशन सेक्टर को झकझोर दिया। मॉन्ट्रियल से आ रही Air Canada Express की CRJ-900 फ्लाइट लैंडिंग के दौरान रनवे पर मौजूद एक फायर ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि विमान के कैप्टन और को-पायलट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विमान में सवार 72 यात्रियों और 4 क्रू मेंबर में से कुल 41 लोग घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक यह हादसा रात करीब 11:40 बजे (स्थानीय समय) हुआ, जब विमान रनवे 4 पर उतर रहा था। उसी समय एक Aircraft Rescue and Firefighting (ARFF) वाहन रनवे को क्रॉस कर रहा था, जिसे एक अन्य यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट में “गंध” की शिकायत की जांच के लिए भेजा गया था। इसी दौरान दोनों के बीच टकराव हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
उड़ानों पर लगा 'ग्राउंड स्टॉप'
हादसे के बाद तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। फायर ट्रक पर सवार दो अधिकारी भी इस दुर्घटना में घायल हुए हैं। इस गंभीर हादसे के बाद LaGuardia Airport को सोमवार दोपहर तक के लिए बंद कर दिया गया, जिससे कई उड़ानों को रद्द या डायवर्ट करना पड़ा और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
राहत और बचाव कार्य जारी
हादसे की सूचना मिलते ही न्यूयॉर्क सिटी फायर डिपार्टमेंट और आपातकालीन सेवाओं की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल विभाग के प्रवक्ता ने पुष्टि की है कि वे रनवे पर विमान और वाहन के बीच हुई टक्कर की रिपोर्ट पर कार्रवाई कर रहे हैं।
आपातकालीन प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों को चेतावनी दी है कि वे एयरपोर्ट की ओर जाने वाले रास्तों पर भारी ट्रैफिक और सड़क बंद होने की उम्मीद करें। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करते रहें।
इस घटना की जांच के लिए Federal Aviation Administration (FAA) और National Transportation Safety Board (NTSB) ने संयुक्त जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर रनवे कोऑर्डिनेशन या कम्युनिकेशन फेलियर को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
एविएशन इंडस्ट्री में इस तरह के रनवे हादसे बेहद दुर्लभ माने जाते हैं, लेकिन जब भी होते हैं, तो सुरक्षा व्यवस्था और एयर ट्रैफिक मैनेजमेंट पर गंभीर सवाल खड़े कर देते हैं। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जो बताएगी कि आखिर इतनी बड़ी चूक कैसे हुई।