Tecno Camon 50 Series: टेक्नो ने स्मार्टफोन बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए नई 'कैमन 50' सीरीज को वैश्विक स्तर पर पेश कर दिया है। मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस (MWC) 2026 में इसके प्रिव्यू से पहले ही कंपनी ने इसे अपनी वेबसाइट पर लिस्ट कर दिया है। इस लाइनअप में दो स्मार्टफोन- Tecno Camon 50 और Camon 50 Pro शामल है। इसमें बेहतरीन कैमरा और जबरदस्त बैटरी बैकअप के साथ दमदार फीचर्स दिए गए हैं।
Tecno Camon 50 Series: स्पेसिफिकेशन्स और फीचर्स
टेक्नो कैमन 50 और कैमन 50 प्रो दोनों ही स्मार्टफोन्स में 6.78 इंच का बड़ा एमोलेड (AMOLED) डिस्प्ले दिया गया है। यह डिस्प्ले 1.5K रेजोल्यूशन और 144Hz रिफ्रेश रेट के साथ आता है, जो गेमिंग और वीडियो स्ट्रीमिंग के अनुभव को काफी स्मूथ बना देता है। प्रो मॉडल में कर्व्ड डिस्प्ले का इस्तेमाल किया गया है, जो इसे एक प्रीमियम लुक देता है। कंपनी ने इन फोन्स को कई आकर्षक रंगों जैसे मूनलाइट ब्लैक, मैलाकाइट ग्रीन और लैवेंडर मिस्ट में पेश किया है।
परफॉरमेंस के लिए इस सीरीज में मीडियाटेक हेलियो G200 अल्टीमेट चिपसेट दिया गया है। टेक्नो कैमन 50 प्रो में 8GB रैम मिलती है, जिसे वर्चुअल तकनीक के जरिए 16GB तक बढ़ाया जा सकता है, साथ ही इसमें 256GB की इंटरनल स्टोरेज दी गई है।
फोटोग्राफी की बात करें तो प्रो मॉडल में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप है, जिसमें 50 मेगापिक्सल का मुख्य सेंसर (OIS के साथ), 50 मेगापिक्सल का टेलीफोटो लेंस और 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड कैमरा शामिल है। वहीं स्टैंडर्ड मॉडल में डुअल कैमरा सेटअप मिलता है। सेल्फी के लिए दोनों ही फोन्स में 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है।
5 साल चलने वाली दमदार बैटरी
इस सीरीज की सबसे बड़ी खासियत इसकी 6,150mAh की विशाल बैटरी है। कंपनी का दावा है कि यह बैटरी 5 साल से अधिक समय तक अपनी कार्यक्षमता बरकरार रखने में सक्षम है। इसे चार्ज करने के लिए 45W की फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट दिया गया है।
सॉफ्टवेयर के मामले में ये फोन्स एंड्रॉइड 16 पर आधारित HiOS 16 पर चलते हैं। इसके अलावा, बेहतर ऑडियो अनुभव के लिए डॉल्बी एटमॉस (Dolby Atmos) सपोर्ट के साथ डुअल स्पीकर्स दिए गए हैं।
Tecno Camon 50 Series: कीमत और उपलब्धता
वर्तमान में ये स्मार्टफोन टेक्नो की केन्याई वेबसाइट पर प्री-ऑर्डर के लिए उपलब्ध हैं। टेक्नो कैमन 50 प्रो की शुरुआती कीमत लगभग 27,000 रुपये (टैक्स के बिना) और स्टैंडर्ड मॉडल की कीमत लगभग 24,000 रुपये रखी गई है। ई-कॉमर्स साइट्स पर इनकी कीमत थोड़ी अलग हो सकती है। जानकारी के अनुसार, इन स्मार्टफोन्स की बिक्री 23 फरवरी से शुरू होगी।
भारतीय बाजार में इनके आने की आधिकारिक तारीख का अभी इंतजार है, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि भारत में भी ये जल्द ही इसी बजट के आसपास दस्तक देंगे।










