CMF अपने बजट सेगमेंट में एक नया स्मार्टफोन लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है, जिसका नाम CMF Phone 3 Pro हो सकता है। यह CMF Phone 2 Pro का सक्सेसर होगा। इस बार कंपनी इसमें खास बदलाव कर सकती है, खासकर बिल्ड क्वालिटी में।
रिपोर्ट के अनुसार, इस बार फोन में प्लास्टिक बॉडी की जगह मेटल फ्रेम दिया जा सकता है। डिज़ाइन की बात करें तो यह CMF की पुरानी स्टाइल को ही आगे बढ़ाएगा। लीक रिपोर्ट्स के मुताबिक , आने वाले डिवाइस में 120x जूम के साथ 50MP ट्रिपल कैमरा और 45W चार्जिंग सपोर्ट मिल सकता है। देखिए अब तक सामने आए सभी लीक फीचर्स और अन्य डिटेल्स।
CMF Phone 3 Pro: संभावित स्पेसिफिकेशन्स
CMF Phone 3 Pro को लेकर सामने आई जानकारी के अनुसार, यह स्मार्टफोन परफॉर्मेंस के मामले में बड़ा अपग्रेड साबित हो सकता है। इसमें Qualcomm Snapdragon 7s Gen 4 प्रोसेसर दिया जा सकता है, जो पहले इस्तेमाल हुए MediaTek Dimensity चिपसेट की जगह लेगा। फोन में अधिकतम 12GB RAM और 256GB तक UFS 3.1 स्टोरेज मिलने की उम्मीद है, जिससे स्मूथ परफॉर्मेंस और तेज डेटा एक्सेस मिलेगा।
डिस्प्ले की बात करें तो इसमें 6.81-इंच की बड़ी AMOLED स्क्रीन दी जा सकती है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट के साथ आएगी। साथ ही, इसकी पीक ब्राइटनेस 3,500 निट्स तक जा सकती है, जिससे तेज धूप में भी स्क्रीन साफ दिखाई देगी। बैटरी के मामले में भी यह फोन मजबूत नजर आता है, क्योंकि इसमें 5,500mAh की बड़ी बैटरी और 45W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलने की संभावना है।
सुरक्षा के लिहाज से इसमें IP64 और IP68 रेटिंग दी जा सकती है, जो इसे पानी और धूल से बचाने में मदद करेगी। वहीं, फोटोग्राफी के लिए फोन में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप मिल सकता है, जिसमें 50MP का प्राइमरी कैमरा, 8MP का अल्ट्रा-वाइड लेंस और 50MP का टेलीफोटो सेंसर शामिल होगा, जो 120x तक डिजिटल ज़ूम सपोर्ट कर सकता है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 16MP का फ्रंट कैमरा दिया जा सकता है।
लॉन्च टाइमलाइन और संभावित कीमत (भारत में)
CMF Phone 3 Pro की लॉन्च टाइमलाइन को लेकर फिलहाल कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन लीक रिपोर्ट्स के मुताबिक यह स्मार्टफोन मई 2026 में लॉन्च हो सकता है। वहीं, कीमत की बात करें तो भारत में इसकी संभावित कीमत करीब ₹27,999 रखी जा सकती है। हालांकि, लॉन्च के समय बैंक ऑफर्स, डिस्काउंट और अन्य डील्स के आधार पर इसकी कीमत में थोड़ा बदलाव भी देखने को मिल सकता है।










