UP का मौसम: मथुरा, अयोध्या, लखनऊ सहित 18 से ज्यादा जिलों में बारिश; तेज हवा के साथ ओले भी गिरे

Aaj ka mausam: उत्तर प्रदेश में आज का मौसम (गुरुवार, 10 अप्रैल) को कैसा रहेगा। मौसम ने करवट बदल ली है। मथुरा, अयोध्या, लखनऊ, कानपुर समेत 18 से ज्यादा जिलों में बारिश हो रही है। बादल छाए हैं। तेज हवा भी चल रही है। बहराइच, लखीमपुर खीरी और पीलीभीत में ओले गिरे। फिरोजाबाद में गाज गिरने से महिला की मौत हो गई।
#WATCH उत्तर प्रदेश: लखनऊ में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने से मौसम सुहाना हुआ। लोगों को गर्मी से राहत मिली। pic.twitter.com/cR3IQfAKZ5
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 10, 2025
इन जिलों में हुई बारिश
जालौन, बदायूं, गोरखपुर, गोंडा, श्रावस्ती, मथुरा, अयोध्या, इटावा, कानपुर, कन्नौज, कानपुर देहात, उन्नाव, बहराइच, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, संत कबीरनगर, फतेहपुर, हाथरस में गुरुवार को बारिश हो रही है। लखनऊ में 60 किमी की स्पीड से तेज हवा भी चल रही है। सड़कों के किनारे पानी भर गया। बहराइच में ओलों की चादर बिछ गई। फिरोजाबाद में बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई है।
#WATCH उत्तर प्रदेश: कानपुर शहर में बारिश के बाद मौसम सुहाना हुआ। लोगों को गर्मी से राहत मिली। pic.twitter.com/ahqcGyQjnu
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 10, 2025
क्यों बदला मौसम?
मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से यूपी में मौसम बदल गया। अगले 3 से 4 दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में बारिश हो सकती है। तापमान में कमी आएगी। हालांकि, गर्मी से बहुत ज्यादा राहत के आसार नहीं हैं। 13 अप्रैल तक बादल और बारिश का दौर चलेगा। 14 के बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी। 30 अप्रैल तक पारा 45 डिग्री के पार जा सकता है।
आगे क्या: आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, 11 अप्रैल को पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं पर हल्की बारिश और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती है। पूर्वी यूपी में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। तेज हवा भी चल सकती है। 12 अप्रैल को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना है। 13 अप्रैल को पश्चिमी यूपी के कुछ शहरों में बादल छाए रहेंगे। आंधी के साथ बारिश भी हो सकती है।
झांसी सबसे गर्म, मुरादाबाद ठंडा
झांसी बुधवार को सबसे गर्म रहा। अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। मुरादाबाद में न्यूनतम तापमान सबसे कम 20.8 डिग्री रहा। आगरा में दिन का पारा 41.4, अलीगढ़ 40.2, हमीरपुर 41.6, कानपुर 40.9 और प्रयागराज में 40.6 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। जालौन में 21, मेरठ 21.2, मथुरा 21.3 और कानपुर में 22 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ।
