Lok Sabha election 2024: उत्तर प्रदेश की आठ लोकसभा सीटों पर 19 अप्रैल को मतदान है। बुधवार शाम 5 बजे इन सीटों पर प्रचार-प्रसार थम गया। इसके पहले नेताओं ने ताबड़तोड़ सभाएं की। मेरठ के हस्तिनापुर में जयंत चौधरी की सभा में भाजपा नेता की पिटाई हो गई। तो वहीं मछलीशहर से सपा प्रत्याशी प्रिया सरोज पर आचार संहिता का मामला दर्ज किया गया है। 

सियासी कमेंट से बिगड़ी बात 
उत्तर प्रदेश में मेरठ जिले के हस्तिनापुर में बुधवार को रालोद प्रमुख जयंत चौधरी की सभा थी। इसमें कुछ लोगों ने भाजपा नेता की पिटाई कर दी। सियासी कमेंट से नाराज रालोद कार्यकर्ताओं ने BJP नेता को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।

मछलीशहर की मड़ियाहूं थाने में केस 
उत्तर प्रदेश के जौनपुर के मछलीशहर से समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी प्रिया सरोज बुधवार को मड़ियाहूं इलाके में प्रचार कर रही थीं। पुलिस ने उनके खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज किया है। 

मोदी की जेल मुझे रोक नहीं सकतीं 
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और संजय सिंह ने बुधवार को नगीना में संयुक्त चुनावी रैली की। इस दौरान संजय सिंह ने कहा, मोदी जी की कोई जेल हो या लाठी मुझे रोक नहीं सकती। कहा वह जितनी लाठी चलाएंगे, उतनी ही मजबूती से हमारे सीने सामना करेंगे। 

देश में हजारों राम मंदिर हैं: रामगोपाल 
समाजवादी पार्टी के महासचिव रामगोपाल यादव ने रामनवमी पर राम मंदिर में सूर्य तिलक के कार्यक्रम पर कहा- कुछ लोगों ने रामनवमी को पेटेंट करा लिया है। यह किसी की बपौती नहीं है। देश में हजारों राम मंदिर हैं।