UP Breaking News (16 मार्च 2026): उत्तर प्रदेश में आज दिनभर क्या खास रहा? किस जिले में क्या हुआ? राजनीति से लेकर क्राइम, प्रशासन, शिक्षा और बड़ी घोषणाओं तक- हर जरूरी अपडेट आपको यहां एक ही जगह मिलेगा।
हरिभूमि न्यूज के इस खास Live अपडेट में हम दिनभर की छोटी-बड़ी खबरें आसान भाषा में संक्षेप में अपडेट करते रहेंगे। फोटो और वीडियो के साथ जानिए प्रदेश की हर हलचल, सबसे पहले।
उत्तर प्रदेश की ताजा व बड़ी खबरें: Live Updates
देवरिया में शिक्षक प्रतिनिधिमंडल पर भड़के मंत्री दया शंकर सिंह, वीडियो वायरल
देवरिया में उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री दया शंकर सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मंत्री एक शिक्षक प्रतिनिधिमंडल के सदस्य को फटकार लगाते हुए कमरे से बाहर जाने के लिए कहते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह घटना देवरिया के डाक बंगले की है।
जानकारी के मुताबिक, करीब दो सप्ताह पहले गोरखपुर में एक शिक्षक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मरने से पहले जारी किए गए वीडियो में शिक्षक ने देवरिया के बेसिक शिक्षा विभाग के कुछ अधिकारियों और बाबुओं पर गंभीर आरोप लगाए थे। इसी मामले को लेकर आक्रोशित शिक्षक नेता प्रभारी मंत्री दया शंकर सिंह को ज्ञापन देने पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद मंत्री नाराज हो गए और प्रतिनिधिमंडल के एक सदस्य को बाहर जाने के लिए कह दिया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और इसको लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
वाराणसी में दो मुद्दों पर बवाल: UGC एक्ट के खिलाफ मार्च, दरोगा भर्ती के सवाल पर सवर्ण समाज नाराज
वाराणसी में सोमवार को दो अलग-अलग मुद्दों को लेकर माहौल गरमा गया। पहला मामला UGC एक्ट 2026 के विरोध से जुड़ा है। केसरिया भारत के तत्वावधान में शास्त्री घाट (वरुणा पुल) से कचहरी तक जन आक्रोश मार्च निकाला गया। प्रदर्शनकारियों ने इस एक्ट को “काला कानून” बताते हुए सरकार से इसे तुरंत वापस लेने की मांग की और ज्ञापन सौंपने की तैयारी भी की।
वहीं दूसरी ओर दरोगा भर्ती परीक्षा के एक हिंदी प्रश्न को लेकर विवाद खड़ा हो गया। प्रश्न में ‘पंडित’ शब्द को ‘अवसरवादी’ के विकल्प के रूप में दिए जाने पर सवर्ण समाज ने कड़ी आपत्ति जताई। समाज के लोगों का कहना है कि इससे उनकी भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने विवादित प्रश्न को हटाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ललितपुर में एंटी करप्शन का बड़ा एक्शन: लेखपाल और सहायक रंगे हाथ दबोचे, रिश्वत की रकम बरामद
ललितपुर जिले की तालबेहट तहसील में एंटी करप्शन टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक स्ट्राइक करते हुए लेखपाल दीपेश सिंह और उनके सहायक सत्यम साहू को गिरफ्तार किया है। टीम ने जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को उनके सरकारी आवास के ठीक बाहर 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद जब कोतवाली तालबेहट में हाथ धुलाने की प्रक्रिया की गई, तो रिश्वत लेने की वैज्ञानिक पुष्टि भी हो गई। टीम ने मौके से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों को अपने साथ ले गई है।
यूपी में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का शंखनाद, 900 जोड़ों के निकाह और फेरों की तैयारी
उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत एक बार फिर भव्य आयोजनों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। प्रशासन ने जनपद के हर विकासखंड में समारोह आयोजित करने का लक्ष्य रखा है, जिसके तहत लगभग नौ सौ जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जाएगा। तय कार्यक्रम के अनुसार, 18, 20 और 24 मार्च को ये भव्य समारोह आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने ब्लॉक से लेकर मुख्यालय तक के अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं ताकि इन आयोजनों को बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
डिग्री कॉलेजों में शिक्षकों की बंपर भर्ती, उच्च शिक्षा निदेशक का बड़ा ऐलान
उत्तर प्रदेश के राजकीय और सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में शिक्षकों की कमी से जूझ रहे छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. बीएल शर्मा ने रविवार को कानपुर के छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भर्ती का ऐलान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश भर के डिग्री कॉलेजों में खाली पड़े 2270 पदों पर शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। इस कदम से उच्च शिक्षा के क्षेत्र में शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार आने और युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।