बुलंदशहर में PUBG गेम की लत ने एक परिवार उजाड़ दिया। महिला दिनभर गेम खेलती थी और जब पति ने रोका, तो उसने प्रेमी संग मिलकर पति को ही जान से मारने की धमकी दे दी।

तकनीक के इस दौर में ऑनलाइन गेम्स जहा मनोरंजन का साधन हैं, वहीं इनकी लत सामाजिक और पारिवारिक रिश्तों के लिए जहर साबित हो रही है। बुलंदशहर के अहमदगढ़ थाना क्षेत्र से आई यह घटना इसी कड़वी हकीकत को बयां करती है।

एक विवाहिता को मोबाइल गेम PUBG की ऐसी लत लगी कि उसने अपनी जिम्मेदारियों और लोक-लाज की मर्यादा को ताक पर रख दिया। जो खेल केवल मनोरंजन के लिए शुरू हुआ था, उसने धीरे-धीरे एक अवैध प्रेम कहानी का रूप ले लिया और अब स्थिति यह है कि एक पति अपनी ही पत्नी और उसके अनजान प्रेमी के खौफ में जीने को मजबूर है।

​दिनभर गेम और घर के काम से तौबा 
पीड़ित पति ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी को पिछले काफी समय से PUBG खेलने की लत लग गई थी। वह सुबह से रात तक मोबाइल में डूबी रहती थी।

घर का काम, खाना बनाना और बच्चों की देखभाल करना उसने पूरी तरह बंद कर दिया था। जब भी पति उसे समझाने या गेम छोड़ने को कहता, वह उग्र हो जाती और झगड़ा करने लगती थी।

​गेम के दौरान हुआ प्यार और खौफनाक धमकी

जांच में सामने आया कि गेम खेलने के दौरान ही महिला की मुलाकात एक अज्ञात युवक से हुई। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और महिला उसके प्यार में इस कदर अंधी हो गई कि उसने पति के साथ रहने से इनकार कर दिया।

पति का आरोप है कि उसकी पत्नी अब उस युवक के साथ रहने की जिद पर अड़ी है। इतना ही नहीं, महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को फोन पर धमकी दी है कि अगर उसने उनके बीच में आने की कोशिश की, तो वे उसे रास्ते से हटा देंगे।

अपनी जान को खतरा बताते हुए और घर की बर्बादी से परेशान पति ने अहमदगढ़ थाने में न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़ित का कहना है कि उसने अपनी पत्नी को बहुत समझाने की कोशिश की, लेकिन पबजी की लत और ऑनलाइन प्रेमी के दबाव ने उसे पूरी तरह बदल दिया है। वह अब घर छोड़कर जा चुकी है और लगातार धमकियां दे रही है।

​पुलिस की कार्रवाई और बढ़ते मामले 
स्थानीय पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस उस अज्ञात प्रेमी की लोकेशन और पहचान ट्रेस करने की कोशिश कर रही है।

मनोवैज्ञानिकों का मानना है कि इस तरह के मामले 'इंटरनेट गेमिंग डिसऑर्डर' का नतीजा हैं, जहाँ व्यक्ति आभासी दुनिया को ही सच मान बैठता है और अपने वास्तविक रिश्तों को बोझ समझने लगता है।