Rajveer Singh Diler: हाथरस से भाजपा के सांसद का बुधवार को हार्ट अटैक से निधन हो गया है। हालांकि पार्टी ने इस बार हाथरस लोकसभा सीट से राजवीर सिंह दिलेर का टिकट काटकर अनूप प्रधान को टिकट दिया है। हार्ट अटैक आने के बाद अलीगढ़ के एक निजी हास्पिटल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बता दें 65 वर्षीय राजवीर सिंह दिलेर 2017 में पहली बार हाथरस जिले की इगलास विधानसभा सीट से विधायक बने थे। उसके बाद 2019 में हाथरस से भाजपा की टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़ा। जिसमें 2 लाख से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की। राजवीर के पिता किशनलाल दिलेर भी हाथरस से 4 बार सांसद रहे हैं।

पार्टी ने लोकसभा चुनाव में नहीं दिया टिकट
लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा ने राजवीर का टिकट काट दिया था। इस बार हाथरस में उत्तर प्रदेश के राजस्व राज्य मंत्री और खैर से विधायक अनूप प्रधान को पार्टी ने टिकट दिया है। राजवीर शुक्रवार को टिकट कटने के बाद भाजपा के समर्थन में प्रचार करते हुए नजर आए थे।

परिवार के साथ सारसौल में रहते थे सांसद राजवीर
राजवीर सिंह दिलेर का मूल रूप से गभाना तहसील के गांव दौरऊ के रहने वाले हैं। इनका जन्म 1 मई 1958 को हुआ। राजवीर दो भाई थे जिसमें बड़े भाई राजेंद्र दिलेर सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त हैं। राजवीर दिलेर वर्तमान में सारसौल की सुरक्षा विहार कॉलोनी में परिवार सहित रहते थे। सांसद राजवीर के घर में पत्नी रजनी दिलेर के अलावा पुत्र दीपक व तीन बेटियां हैं।