भदोही: कालीन नगरी भदोही की कला, संस्कृति और खेल प्रतिभाओं को मंच देने के लिए 15 से 17 मई तक 'भदोही महोत्सव' का आयोजन किया जाएगा। भदोही महोत्सव सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. एके गुप्ता ने इंदिरा मिल चौराहे पर पत्रकारों से वार्ता के दौरान बताया कि यह आयोजन भदोही महोत्सव सोसाइटी और उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।
खास बात यह है कि इस महोत्सव के इतिहास में पहली बार उत्तर प्रदेश सरकार आधिकारिक तौर पर शामिल हो रही है, जिससे इस बार आयोजन का स्वरूप काफी भव्य होने वाला है।
सुबह खेलकूद और योगा, शाम को सांस्कृतिक रंग
महोत्सव की शुरुआत 15 मई को सुबह 5:30 बजे अभयनपुर मैदान में योगाभ्यास के साथ होगी। डॉ. गुप्ता ने बताया कि खेल प्रेमियों के लिए वीएनजीआईसी ग्राउंड ज्ञानपुर और जिला स्टेडियम मुसीलाटपुर में सुबह 6:30 बजे से क्रिकेट, हॉकी, कबड्डी, कुश्ती, एथलेटिक्स और टेबल टेनिस जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
वहीं, महोत्सव की पहली शाम (15 मई) 7:30 बजे से स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों के नाम रहेगी, जहाँ वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
कवि सम्मेलन, मुशायरा और बॉलीवुड नाइट का तड़का
महोत्सव के दूसरे दिन यानी 16 मई की शाम 7:30 बजे से अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का आयोजन होगा। इसमें देश के मशहूर शायर, शायरा और हास्य व्यंग्य के कवि अपनी रचनाओं से श्रोताओं को सराबोर करेंगे।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण 17 मई की शाम होगी, जब 'बॉलीवुड नाइट' का आयोजन किया जाएगा। इसमें शिरकत करने के लिए बॉलीवुड के नामचीन कलाकार भदोही आ रहे हैं, जो अपनी प्रस्तुतियों से महोत्सव के समापन को यादगार बनाएंगे।
तैयारियों में जुटी सोसाइटी की टीम
प्रेस वार्ता के दौरान डॉ. एके गुप्ता ने सभी जनपदवासियों से इस महोत्सव का हिस्सा बनने की अपील की। इस मौके पर सोसाइटी के सचिव कृष्णा मिश्र, रूपेश बरनवाल, अशोक कुमार जायसवाल, जाबिर बाबू अंसारी, केपी दुबे, विकास यादव और प्रशांत गुप्ता समेत कई प्रमुख सदस्य मौजूद रहे।
महोत्सव को सफल बनाने के लिए कमेटियों का गठन कर दिया गया है और पर्यटन विभाग के साथ समन्वय बनाकर तैयारियाँ युद्ध स्तर पर शुरू कर दी गई हैं।