Logo
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 55 वर्षीय व्यक्ति की सातवीं शादी की तैयारी का विरोध उसका नाबालिग बेटा कर रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 55 वर्षीय व्यक्ति द्वारा सातवीं शादी की तैयारी करने का मामला प्रकाश में आया है।

हैरानी की बात यह है कि इस शादी का विरोध कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि उस व्यक्ति का अपना ही नाबालिग बेटा कर रहा है। बेटे ने थाने में तहरीर देकर पुलिस से इस मामले में हस्तक्षेप करने और पिता की शादी रुकवाने की गुहार लगाई है।

​छह शादियां कर चुके हैं अमरजीत, अब सातवीं की तैयारी
​अहरौला क्षेत्र के निवासी 55 वर्षीय अमरजीत मौर्य पर उनके बेटे शनि मौर्य ने गंभीर आरोप लगाए हैं। शनि के मुताबिक, उनके पिता अब तक छह शादियाँ कर चुके हैं। अमरजीत ने शनि की माँ से तीसरी शादी की थी, उससे पहले भी वे दो शादियां कर चुके थे और उसके बाद भी उन्होंने कई बार विवाह किया।

शनि ने बताया कि वर्ष 2024 में पिता ने छठी शादी की थी, लेकिन वह पत्नी भी विवाद के बाद घर छोड़कर चली गई। अब अमरजीत सातवीं बार दूल्हा बनने के लिए लोगों से संपर्क कर रहे हैं।

​जमीन गिरवी रखकर और कर्ज लेकर रचा रहे शादी
​नाबालिग बेटे का आरोप है कि उसके पिता शादी के जुनून में परिवार की आर्थिक स्थिति पूरी तरह खराब कर चुके हैं। शनि ने बताया कि परिवार की आधे से ज्यादा जमीन पहले ही गिरवी रखी जा चुकी है और अब पिता सातवीं शादी के लिए बची हुई जमीन बेचने की भी तैयारी कर रहे हैं।

यही नहीं, अमरजीत ने शादी के नाम पर किसी व्यक्ति से करीब 50 हजार रुपये एडवांस भी ले लिए हैं। शनि खुद 12वीं का छात्र है और पिता के कर्ज को चुकाने के लिए उसे मजदूरी तक करनी पड़ रही है।

​पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
​इस अनोखे मामले ने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है। गांव के प्रधान शत्रुघ्न कनौजिया ने भी पुष्टि की है कि अमरजीत मौर्य पहले भी कई शादियां कर चुके हैं। अहरौला थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा का कहना है कि बेटे की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अब दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके।

5379487