मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार, राज्य में अगले 4-5 दिनों तक मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

Rajasthan weather update: राजस्थान में आंधी-बारिश का दौर थमने के बाद अब गर्मी धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगी है। रविवार को राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में आसमान साफ रहा और सुबह से ही धूप निकलने के साथ तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।

पश्चिमी जिलों के साथ-साथ पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों के 12 से अधिक जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया। वहीं अब रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होने लगी है और कई शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है।

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार, राज्य में अगले 4-5 दिनों तक मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

पिछले 24 घंटे के मौसम पर नजर डालें तो सभी शहरों में आसमान साफ रहा। बाड़मेर में रविवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा चित्तौड़गढ़ और जैसलमेर में 37.6, जोधपुर और कोटा में 37.4, फलोदी में 37.8 और उदयपुर में 37.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

राजधानी जयपुर और अजमेर में अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बीकानेर, श्रीगंगानगर और चूरू जैसे शहरों में भी पारा 35 डिग्री के आसपास रहा।

मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आने वाले दिनों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार भी जा सकता है। हालांकि फिलहाल हीटवेव चलने की संभावना नहीं है।