राजस्थान के मौसम में मामूली उतार-चढ़ाव देखने को मिला। उत्तरी हवाओं के असर से शेखावाटी क्षेत्र समेत कई शहरों के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं, पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर और बाड़मेर क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रहने से धूप कमजोर रही, जिससे यहां अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री तक की कमी आई।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क (ड्राय) रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में केवल हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा और किसी बड़े मौसम बदलाव या बारिश के संकेत नहीं हैं।
सबसे ठंडे शहर कौन से रहे
पिछले 24 घंटों की बात करें तो फतेहपुर और पाली प्रदेश के सबसे ठंडे इलाके रहे। फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री और पाली में 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, दिन के समय सबसे ज्यादा गर्म शहर बाड़मेर रहा, जहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
प्रमुख शहरों का तापमान
शुक्रवार को जालोर में 30 डिग्री, दौसा में 29.5, डूंगरपुर में 29.3, जैसलमेर, जोधपुर और चित्तौड़गढ़ में करीब 29.8 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। अजमेर और भीलवाड़ा में अधिकतम तापमान 28.2, टोंक में 28.6, उदयपुर में 28.4, पिलानी और बीकानेर में 28, फलोदी में 28.6 और जयपुर में 27.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
इन दिनों राजस्थान में दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। दिन में तेज धूप के कारण हल्की गर्मी महसूस हो रही है, जबकि सुबह और शाम सर्दी का असर तेज बना हुआ है।
रात में ज्यादा ठंड
शेखावाटी क्षेत्र के सीकर, पिलानी, फतेहपुर और झुंझुनूं के अलावा दौसा, करौली, सिरोही, बारां, श्रीगंगानगर, माउंट आबू, अलवर और टोंक जैसे जिलों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला जा रहा है।
अगले एक सप्ताह का मौसम कैसा रहेगा
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के मुताबिक, अगले एक सप्ताह तक राजस्थान में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। सुबह-शाम उत्तर-पूर्वी राजस्थान में ठंड बनी रहेगी, जबकि दिन में तेज धूप के चलते अधिकतम तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर दर्ज हो सकता है।











