Rajasthan Weather Update: राजस्थान में गर्मी का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। मार्च की शुरुआत के साथ ही राज्य के कई शहरों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। गुरुवार को प्रदेश के 15 से अधिक शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। भीलवाड़ा, अलवर, पिलानी और कोटा समेत कई शहरों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी के कारण लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने अगले दो सप्ताह के लिए जारी पूर्वानुमान में बताया है कि राज्य में आने वाले दिनों में गर्मी और तेज हो सकती है। कुछ इलाकों में हीटवेव चलने की संभावना भी जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में आसमान साफ रहेगा, जिससे दिन में तेज धूप के कारण तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे राज्य में मौसम साफ रहा और सुबह से ही तेज धूप के कारण दिनभर गर्मी महसूस की गई। उदयपुर, श्रीगंगानगर, पिलानी, फलोदी, कोटा, जोधपुर, जैसलमेर, चूरू, चित्तौड़गढ़, बीकानेर और बाड़मेर जैसे शहरों में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।
हालांकि दिन में गर्मी बढ़ने के बावजूद रात के समय कुछ शहरों में हल्की ठंडक बनी हुई है। बीकानेर, हनुमानगढ़, जयपुर, जालौर, जोधपुर और फलोदी को छोड़कर बाकी अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। वहीं अलवर, बारां, भीलवाड़ा, करौली और सिरोही जैसे शहरों में रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से भी कम पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह के दौरान प्रदेश के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। पश्चिमी जिलों में दिन के समय हल्की गर्म हवाएं चलने की भी संभावना है।
विशेषज्ञों के मुताबिक अरब सागर में बने एंटी साइक्लोन सिस्टम के कारण राजस्थान में तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री ज्यादा दर्ज हो रहा है। यही कारण है कि 8 से 10 मार्च के बीच राज्य के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदेश के लोगों को तेज गर्मी के लिए तैयार रहना पड़ सकता है।