haribhoomi hindi news
राजस्थान की राजधानी जयपुर में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। जयपुर के श्याम नगर इलाके में स्थित 10 मंजिला अपार्टमेंट की छठी मंजिल पर बने एक फ्लैट में अचानक आग भड़क उठी।

Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। जयपुर के श्याम नगर इलाके में स्थित 10 मंजिला अपार्टमेंट की छठी मंजिल पर बने एक फ्लैट में अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा भवन धुएं से भर गया।

श्याम नगर के अपार्टमेंट में मचा हड़कंप
Shyam Nagar जनपथ पर स्थित ‘अलौकिक स्वरूप रेजिडेंसी’ नामक अपार्टमेंट में करीब 200 लोग रहते हैं। सुबह लगभग 6:30 बजे छठी मंजिल पर रहने वाले कमल के फ्लैट से धुआं उठता दिखाई दिया। परिवार समय रहते बाहर निकल आया, लेकिन तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी।

लपटें ऊंची उठने लगीं और धुएं का गुबार पूरे अपार्टमेंट में फैल गया। लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही श्याम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेजिडेंसी गार्ड्स की मदद से तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

शीशे तोड़कर निकाले गए लोग
आग के कारण सीढ़ियों और गलियारों में घना धुआं भर गया था। रेस्क्यू टीम में शामिल पुलिसकर्मी जैसे-तैसे पांचवीं मंजिल तक पहुंचे। वहां फंसे लोगों को निकालने के लिए खिड़कियों के शीशे तोड़े गए ताकि धुआं बाहर निकल सके।

फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि फ्लैट और उसमें रखा सारा सामान पूरी तरह जल गया, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

छत पर फंसे 8 लोगों का हाइड्रोलिक रेस्क्यू
हादसे के दौरान दो परिवार जान बचाने के लिए लिफ्ट से बिल्डिंग की छत पर पहुंच गए। लेकिन आग की वजह से वायरिंग जल गई और लिफ्ट बंद हो गई। नीचे उतरने का रास्ता बंद हो गया और वे छत पर ही फंस गए। इनमें 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला भी शामिल थीं, जो चलने-फिरने में असमर्थ थीं।

स्थिति गंभीर होती देख हाइड्रोलिक फायर ब्रिगेड बुलाई गई। विशेष उपकरणों की मदद से सभी आठ लोगों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। समय पर की गई कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।

आग लगने की वजह क्या?
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, लेकिन पुलिस और फायर विभाग जांच के बाद ही स्पष्ट जानकारी देंगे।

7