अमित गुप्ता-रायगढ़। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कृषक उन्नति योजना की अंतर राशि का 28 फरवरी को किसानों के खातों में अंतरण किया गया। इसके बाद होली त्योहार के पहले किसान धान बोनस की राशि निकालने के लिए धरमजयगढ़ अपेक्स बैंक में उमड़ पड़े। साथ ही धरमजयगढ़ ब्लॉक के दुर-दराज गांव से किसान बैंक पहुंचे है, जिससें लंबी कतारे लगी हुई है।
बताया जा रहा है कि, करीबन 600 किसान पैसा निकालने के लिए बैंक पहुंचे थे, अभी भी सैकड़ों की संख्या में किसानों की लंबी कतारे लगी हुई हैं। साथ ही बार-बार सर्वर फेल और बिजली बंद होने की समस्या से किसान काफी परेशान हैं।
रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ अपेक्स बैंक में धान की बोनस राशि निकालने के लिए बैंक में भीड़ उमड़ी पड़ी। सर्वर फेल और बिजली बंद से किसान काफी परेशान है। @RaigarhDist #Chhattisgarh #paddy #bonus #ApexBank pic.twitter.com/9tiJFcrDlN
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 3, 2026
भारी भीड़ के चलते आधे लोगों को नहीं मिल पाया रूपए
इधर, गरियाबंद जिला मुख्यालय स्थित सरकारी बैंक में बोनस की राशि निकालने के लिए बैंक में लगभग हजार किसान उमड़ पड़े। सुबह से लेकर शाम तक राशि निकासी की लिमिट होने के कारण आधे ही किसान को पैसा मिल पाया। बैंक प्रबंधन का कहना है कि मंगलवार को उपभोक्ताओ को राशि दी जाएगी। जिला मुख्यालय स्थित सहकारी बैंक में राशि वितरण के पहले दिन 1082 किसानों ने विड्रॉल फॉर्म जमा किया। देर शाम तक 482 किसानों को 2 करोड़ 20 लाख रुपए का भुगतान किया गया, जबकि 600 किसानों को बिना राशि मिले वापस लौटना पड़ा। बैंक प्रबंधन के अनुसार शेष किसानों को 3 मार्च को भुगतान किया जाएगा।
डिमांड दो लाख की भुगतान 40 हजार
किसानों का कहना है कि दो लाख रुपए तक का डिमांड फॉर्म भरने के बावजूद 40 हजार रुपए ही दिए जा रहे हैं। एटीएम मशीनों से भी एक बार में केवल 1000 से 1500 रुपए की निकासी हो पा रही है। कई एटीएम कैश खत्म होने से बंद पड़े हैं। लालसिंग चिंगर, नुमेश निषाद, लखन लाल साहू, भोजराम ध्रुव, रामचरण साहू, लुकेश्वर सिन्हा, तुलसीराम कोचवाय, रविराम नेताम, लीलाराम यादव और नंदलाल ध्रुव सहित कई किसानों ने बताया कि वे सुबह 9 बजे से बैंक में डटे रहे, लेकिन शाम तक राशि नहीं मिल सकी।
83,106 किसानों के खातों में 370 करोड़ से अधिक राशि
राज्य सरकार ने होली से तीन दिन पहले समर्थन मूल्य 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि का एकमुश्त भुगतान किया। जिले के 83 हजार 106 किसानों के खातों में 370 करोड़ 19 लाख 51 हजार रुपए अंतरित किए गए। यह राशि 28 फरवरी को बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड के ग्राम रहंगी में आयोजित प्रदेश स्तरीय कृषक उन्नति योजना आदान सहायता राशि वितरण समारोह में ट्रांसफर की गई। मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से प्रदेशभर के किसानों के खातों में राशि भेजी। जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों में भी किसान सम्मेलन आयोजित किए गए।
बैंक विशेष काउंटर खोले
खातों में राशि पहुंचने से किसानों में शुरुआती उत्साह जरूर दिखा, लेकिन निकासी की समस्या ने त्योहार का रंग फीका कर दिया है। किसानों ने मांग की है कि बैंक प्रबंधन विशेष काउंटर खोले। नकदी की पर्याप्त व्यवस्था करे और निकासी सीमा में अस्थायी राहत दे, ताकि होली का पर्व सच मायनों में खुशियों और रंगों से भर सके।
किसानों को 2.20 करोड़ वितरित किए गए
जिला सहकारी बैंक के प्रबंधक हरिराम ध्रुव ने बताया कि पहले ही दिन बड़ी संख्या में किसान पहुंच गए, जिससे निर्धारित दैनिक लिमिट प्रभावित हुई। बावजूद इसके लिमिट से अधिक भुगतान करते हुए 482 किसानों को 2.20 करोड़ रुपए वितरित किए गए। शेष किसानों को 3 मार्च को राशि दी जाएगी।








