Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने तेज तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राज्य के ऊपर बने एंटीसाइक्लोन सिस्टम के कारण दिन में आसमान पूरी तरह साफ रह रहा है, जिससे सूरज की तपिश बढ़ गई है।

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने तेज तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राज्य के ऊपर बने एंटीसाइक्लोन सिस्टम के कारण दिन में आसमान पूरी तरह साफ रह रहा है, जिससे सूरज की तपिश बढ़ गई है। इसका असर खासकर पश्चिमी जिलों में ज्यादा देखने को मिल रहा है, जहां हल्की गर्म हवाएं भी चलने लगी हैं और तापमान तेजी से बढ़ रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार, 7 मार्च को बाड़मेर में अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं जैसलमेर में 39.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा बीकानेर, श्रीगंगानगर और जोधपुर जैसे शहरों में भी अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने अगले एक सप्ताह में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी होने का अनुमान जताया है।

पिछले 24 घंटों में जोधपुर और बीकानेर संभाग के कई जिलों में दिनभर झुलसाने वाली गर्मी महसूस की गई। बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, फलोदी, श्रीगंगानगर, चूरू और बीकानेर में अधिकतम तापमान 37 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ। जोधपुर और पाली में तापमान 38.2 डिग्री, श्रीगंगानगर में 38.1, चित्तौड़गढ़ में 38.4 और पिलानी में 38.1 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं जयपुर और कोटा में भी तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है।

राज्य में अचानक बढ़ी गर्मी के कारण कई शहरों में तापमान सामान्य से 2 से 9 डिग्री तक अधिक दर्ज किया जा रहा है। श्रीगंगानगर में तापमान सामान्य से करीब 9.6 डिग्री ज्यादा, पिलानी में 9.3 और जैसलमेर में 8.1 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया। इससे साफ है कि इस साल गर्मी तय समय से पहले ही असर दिखा रही है।

हालांकि दिन में तेज गर्मी के बावजूद रात के समय लोगों को थोड़ी राहत मिल रही है। अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। दौसा, पाली, सिरोही, चूरू, सीकर और अलवर जैसे इलाकों में रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से भी कम दर्ज हो रहा है। शनिवार रात सबसे ज्यादा ठंडक फतेहपुर (सीकर) में दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक राज्य में मौसम पूरी तरह शुष्क (ड्राय) रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान लगातार बढ़ सकता है और 10 से 11 मार्च के आसपास पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हीटवेव की स्थिति भी बन सकती है। ऐसे में लोगों को तेज धूप और गर्म हवाओं से बचाव करने की सलाह दी गई है।