जयपुर। राजस्थान में अब गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। जयपुर में 18 अप्रैल को इस सीजन में पहली बार तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। वहीं, राज्य के 18 से अधिक शहरों में अधिकतम तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, झुंझुनूं और अलवर के कई इलाकों में शनिवार को दिन में ही हीटवेव का असर देखा गया। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने अगले 3 से 4 दिनों के लिए प्रदेश में तेज गर्मी और लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
बादल और धूलभरी हवाओं का असर
पिछले 24 घंटे में जैसलमेर, जोधपुर, बाड़मेर, बीकानेर और फलोदी में हल्के बादल छाए रहे। वहीं श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में धूलभरी हवाएं चलीं। दूसरी ओर, कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग में आसमान साफ रहने से तेज धूप ने गर्मी और बढ़ा दी।
42°C के करीब पहुंचा पारा
रेगिस्तानी जिलों के साथ कोटा में भी तापमान 42 डिग्री के करीब पहुंच गया है। बढ़ती गर्मी और हीट स्ट्रोक के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। अस्पतालों में लू से प्रभावित मरीजों के लिए अलग वार्ड तैयार किए जा रहे हैं और डॉक्टरों ने बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है।
आगे और बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ सकता है। इस दौरान कई जिलों में हीटवेव चलने की संभावना है।










