मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने सोमवार को जयपुर समेत 6 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ बेल्ट में अगले कुछ दिनों तक भीषण लू चलने की चेतावनी दी गई है।

जयपुर। राजस्थान में गर्मी अब अपने चरम की ओर बढ़ती नजर आ रही है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो चुका है। रविवार को चूरू, चित्तौड़गढ़ और कोटा में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज किया गया। वहीं, 10 से ज्यादा शहरों में पारा 40 से 41 डिग्री के बीच बना रहा। तेज गर्मी का असर इतना ज्यादा रहा कि कोटा में सड़कों को ठंडा करने के लिए नगर निगम को टैंकरों से पानी का छिड़काव करना पड़ा।

इन जिलों में हीटवेव का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने सोमवार को जयपुर समेत 6 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ बेल्ट में अगले कुछ दिनों तक भीषण लू चलने की चेतावनी दी गई है।

बादल आए, लेकिन राहत नहीं
रविवार को उत्तरी राजस्थान के कई हिस्सों में हल्के बादल छाए रहे, लेकिन गर्मी से कोई खास राहत नहीं मिली। वहीं झुंझुनूं, भरतपुर, अलवर और धौलपुर में लू के थपेड़ों ने लोगों को परेशान किया।

आगे और बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों तक प्रदेश में तेज गर्मी बनी रहेगी और कई जिलों में हीटवेव का असर देखने को मिल सकता है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।