जयपुर: राजस्थान में तेज धूप के साथ गर्मी के तेवर लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बाड़मेर और जैसलमेर के बाद अब कोटा में भी तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। वहीं चूरू और चित्तौड़गढ़ में भी तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटे में राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा और दिनभर तेज धूप ने लोगों को परेशान किया। मंगलवार को बाड़मेर में सबसे ज्यादा 41.6 डिग्री और कोटा में 41.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा जैसलमेर और चूरू में भी पारा 40.5 डिग्री तक पहुंच गया। बढ़ती गर्मी के बीच पश्चिमी राजस्थान में अब दिन के समय हल्की गर्म हवाएं भी चलने लगी हैं, जिससे लू जैसे हालात बनने लगे हैं।
हालांकि, दिनभर की तपिश के बाद शाम को कुछ राहत भी देखने को मिली। सीकर, झुंझुनूं और अलवर के कुछ इलाकों में हल्के बादल छाए और ठंडी हवा चली। नागौर के कुछ हिस्सों में भी मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिला।
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने चेतावनी दी है कि राज्य में 17 अप्रैल से हीटवेव का असर शुरू हो सकता है। इसके लिए श्रीगंगानगर, जैसलमेर और बाड़मेर जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 18 अप्रैल को श्रीगंगानगर और बाड़मेर में लू चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है, क्योंकि आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है।