Nagaur Road Accident: राजस्थान के नागौर जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बापोड़-बासनी रोड पर करीब सुबह 9 बजे एक टेम्पो ट्रेक्स मिनी बस पलटने से 15 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बापोड़ से नागौर जा रहे थे। इसी दौरान बासनी पुलिया से पहले सड़क पर अचानक आए आवारा पशु को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन मोड़ा, जिससे बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और एंबुलेंस व निजी वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया।
घायलों में से 5 लोगों को बासनी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि 10 घायलों को नागौर के जवाहरलाल नेहरू (JLN) अस्पताल ले जाया गया। JLN अस्पताल के पीएमओ डॉ. आर.के. अग्रवाल ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल स्टाफ को अलर्ट कर दिया गया था और घायलों के पहुंचते ही उनका इलाज शुरू कर दिया गया।
डॉक्टरों के मुताबिक JLN अस्पताल में भर्ती 10 घायलों में से 8 को प्राथमिक उपचार के बाद सामान्य वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया, जबकि दो लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। घायलों में 5 महिलाएं और कुछ बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में घायल सभी लोग आपस में रिश्तेदार हैं और नागौर स्थित सेवा भारती संस्थान में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। वहीं घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पलटी हुई मिनी बस को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु करवाया। हादसे की खबर मिलते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए और उनकी कुशलक्षेम की जानकारी ली।