Logo
Bus Fire Incident: राजस्थान के जैसलमेर जिले के नाचना से अहमदाबाद जा रही एक प्राइवेट ट्रैवल बस में गुजरात के धानेरा के पास अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक यात्री गंभीर रूप से झुलस गया

Bus Fire Incident: राजस्थान के जैसलमेर जिले के नाचना से अहमदाबाद जा रही एक प्राइवेट ट्रैवल बस में गुजरात के धानेरा के पास अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक यात्री गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि बाकी यात्रियों ने किसी तरह इमरजेंसी गेट से कूदकर अपनी जान बचाई।

मिली जानकारी के अनुसार यह घटना सुबह करीब 3:30 बजे की है। उस समय बस में सवार 16 यात्री गहरी नींद में थे। अचानक बस में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

AC में शॉर्ट सर्किट से लगी आग
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बस के एयर कंडीशनर (AC) में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

यात्रियों ने किसी तरह इमरजेंसी गेट से कूदकर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, लेकिन इस दौरान एक यात्री आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।

झुलसे यात्री की हालत गंभीर
गंभीर रूप से घायल यात्री को पहले धानेरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पालनपुर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल चिंताजनक बनी हुई है। बाकी यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जिनका मौके पर ही उपचार किया गया।

यात्रियों का सामान जलकर राख
बस में लगी भीषण आग के कारण यात्रियों का सारा सामान, मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज जलकर राख हो गए। इससे कई यात्रियों को अपने परिजनों से संपर्क करने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ट्रैवल कंपनी ने भेजी टीम
स्वागत ट्रेवल्स के संचालक निर्मल रैयानी ने बताया कि नाचना से अहमदाबाद के बीच यह बस सेवा हाल ही में शुरू की गई थी। हादसे की जानकारी मिलते ही कंपनी की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि कंपनी यात्रियों और उनके परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

5379487