जयपुर के मानसरोवर इलाके में आज से भक्ति का भव्य आयोजन शुरू होने जा रहा है। प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ शुक्रवार दोपहर 1 बजे वीटी रोड मेला ग्राउंड में होगा। यह धार्मिक आयोजन 26 मार्च तक चलेगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
पहले ही दिन जुटेंगे हजारों श्रद्धालु
आयोजन समिति के अनुसार, कथा के पहले दिन से ही भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
भव्य कलश यात्रा ने बढ़ाया उत्साह
कथा शुरू होने से पहले 15 मार्च को भव्य कलश यात्रा निकाली गई थी। इस यात्रा में हजारों महिलाओं ने भाग लिया और पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।
यह यात्रा के.एल. सैनी स्टेडियम से शुरू होकर वीटी रोड मेला ग्राउंड तक पहुंची। रास्ते भर श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की गई और बैंड-बाजे, बग्घी, हाथी-घोड़े जैसे पारंपरिक आकर्षण भी देखने को मिले।
1 लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था
कार्यक्रम के लिए करीब 4 लाख स्क्वायर फीट में विशाल वाटरप्रूफ पांडाल तैयार किया गया है। इसमें लगभग 1 लाख श्रद्धालुओं के बैठने की सुविधा उपलब्ध है। पिछले कई दिनों से 400 से ज्यादा कारीगर लगातार काम कर रहे थे, तब जाकर यह भव्य आयोजन स्थल तैयार हुआ है।