भारत के मुख्य न्यायाधीश Surya Kant शुक्रवार को जयपुर पहुंचेंगे। वे यहां आयोजित होने वाले तीन दिवसीय साइबर सिक्योरिटी सेमिनार का उद्घाटन करेंगे।

भारत के मुख्य न्यायाधीश Surya Kant शुक्रवार को जयपुर पहुंचेंगे। वे यहां आयोजित होने वाले तीन दिवसीय साइबर सिक्योरिटी सेमिनार का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के सात अन्य न्यायाधीश भी शामिल होंगे।

सीजेआई का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब राजस्थान में शनिवार को कार्यदिवस घोषित करने के फैसले को लेकर बार और बेंच के बीच मतभेद जारी है। पिछले वर्ष दिसंबर में जैसलमेर में आयोजित पूर्णपीठ बैठक में साल 2026 से प्रत्येक माह के पहले और तीसरे शनिवार को वर्किंग डे रखने का निर्णय लिया गया था।

वर्किंग शनिवार पर विवाद
Rajasthan High Court प्रशासन ने 2026 में कुल 17 शनिवार को कार्यदिवस घोषित किया है। हालांकि इस फैसले के विरोध में वकीलों ने स्वैच्छिक कार्य बहिष्कार किया। जनवरी और फरवरी के निर्धारित शनिवारों को जज अदालत में उपस्थित रहे, लेकिन वकील विरोधस्वरूप कोर्ट में नहीं पहुंचे।

विरोध को देखते हुए हाईकोर्ट प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वर्किंग शनिवार को केवल पुराने मामलों की सुनवाई की जाएगी और वह भी पक्षकारों की सहमति से। साथ ही वकीलों की उपस्थिति अनिवार्य नहीं होगी। इसके बावजूद बार ने प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया।

21 फरवरी को अवकाश घोषित
साइबर सिक्योरिटी सम्मेलन को ध्यान में रखते हुए हाईकोर्ट प्रशासन ने 21 फरवरी (शनिवार) को जोधपुर मुख्यपीठ और जयपुर पीठ दोनों में अवकाश घोषित किया है। इस संबंध में 13 फरवरी को आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई। हालांकि न्यायिक जगत में इसे केवल सम्मेलन से जुड़ा निर्णय नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे बार-बेंच के बीच चल रहे गतिरोध से भी जोड़ा जा रहा है।

साइबर सुरक्षा पर विशेष फोकस
यह सम्मेलन Rajasthan State Legal Services Authority (रालसा) द्वारा आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का विषय ‘साइबर सेफ्टी: अवेयरनेस, प्रोटेक्शन एंड इन्क्लूसिव एक्सेस टू जस्टिस’ रखा गया है।