Delhi Rape Case: दिल्ली के रंजीत नगर में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला से घर में घुसकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी मुकेश को पुलिस ने मात्र 48 घंटे में गिरफ्तार कर लिया। पानी मांगने के बहाने की गई रेकी के बाद आरोपी ने 11 अप्रैल को इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया था।
दिल्ली के रंजीत नगर इलाके में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट और दुष्कर्म की जघन्य घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। आरोपी मुकेश ने पानी मांगने के बहाने पहले घर की रेकी की और दो दिन बाद 11 अप्रैल को जबरन घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए मात्र 48 घंटे के अंदर आरोपी को पांडव नगर से गिरफ्तार कर लिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 11 अप्रैल को पीसीआर में कॉल आया कि रंजीत नगर में एक बजुर्ग महिला के साथ मारपीट हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलस महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। शुरू में पुलिस ने केवल मारपीट का मामला दर्ज किया, लेकिन अगले दिन पीड़िता की बेटी ने थाने में आकर बताया कि आरोपी ने उनकी मां के साथ दुष्कर्म भी किया है। इसके बाद महिला का दोबारा मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई और मामले में बीएनएस की धारा 76 भी जोड़ दी गई।
पूछताछ में आरोपी मुकेश ने कबूल किया कि उसने 9 अप्रैल को पानी मांगने का बहाना बनाकर घर में घुसकर रेकी की थी। इसके बाद 11 अप्रैल को महिला को घर में अकेला पाकर गलत इरादे से दोबारा गया और वारदात को अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने 13 अप्रैल को आरोपी को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।