Ghaziabad News: यूपी के गाजियाबाद में प्रशासन ने गैस सिलेंडर की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ एक्शन लिया है। खाद्य आपूर्ति विभाग ने मालीवाड़ा क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सिलेंडरों की कालाबाजारी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। घनी आबादी के इस इलाके में कालाबाजारी को पकड़ने के लिए विभाग ने पूरी योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और ऐसे धंधे में लिप्त लोगों में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि विभाग को पिछले कुछ दिनों से उस इलाके में बड़े पैमाने पर सिलेंडर के जमाखोरी और गैस की ऊंचे दामों पर बिक्री की लगातार शिकायतें मिल रहीं थीं। विभाग ने इन शिकायतें को गंभीरता से लिया और जिला आपूर्ति अधिकारी अमित तिवारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। इसके बाद टीम ने पूरी तरह से गोपनीयता बरतते हुए अचानक छापेमारी की।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, छापेमारी के दौरान जो मकान के अंदर का नजारा था उसे देखकर टीम हैरान रह गई। बताया जा रहा है कि इस दौरान टीम को गैस सिलेंडर का एक बड़ा जखीरा मिला। वहीं यह इलाका रिहायशी है ,जिसके चलते गैस के इतने बड़े स्टॉक से यहां किसी भी वक्त हादसे का डर था। बताया जा रहा है कि विभागीय टीम ने इस कार्रवाई में कुल 18 सिलेंडर को बरामद किया है।
प्रशासन का कहना है कि आरोपी सब्सिडी वाले घरेलू सिलेंडरों का इस्तेमाल करके अवैध जमाखोरी कर रहे थे। इसके बाद वह लोग उन्हें सिलेंडर को ब्लैक मार्केट में महंगे दामों पर होटल, ढाबों और व्यावसायिक लोगों को बेच देते थे। यह सारा जोखिम भरा खेल आरोपी मोटा मुनाफा कमाने के लालच में कर रहे थे, जो कि न केवल गैरकानूनी है बल्कि बेहद खतरनाक भी है।








