उज्जैन। अगर कोई व्यक्ति ग्वालियर व्यापार मेले में वाहन खरीदने का अवसर किसी कारणवश नहीं निकाल पाया है, तो उसे निराश होने की जरूरत नहीं है। उज्जैन में व्यापार मेले की शुरुआत 15 फरवरी को हो गई हो गई है, जो 18 मार्च तक चलेगा। उज्जैन व्यापार मेले में भी दोपहिया और चारपहिया वाहनों की खरीद पर रोड टैक्स में बड़ी रियायत दी जा रही है। यानी खरीदारों को सामान्य परिस्थितियों की तुलना में पंजीयन के समय लगने वाले रोड कर में लगभग आधी राहत मिल सकती है। यह सुविधा उन लोगों के लिए खास है जो नई गाड़ी खरीदने की योजना बना रहे हैं और टैक्स में बचत करना चाहते हैं।
15 से शुरू हुआ उज्जैन व्यापार मेला
उज्जैन व्यापार मेले की शुरुआत 15 फरवरी से हो चुकी है और यह मेला 18 मार्च तक चलेगा। व्यापार मेले में विभिन्न कंपनियों के चारपहिया वाहनों के 139 शोरूम और दोपहिया वाहनों के 36 शोरूम लगाए गए हैं। यहां सामान्य से लेकर लग्जरी श्रेणी तक के वाहन उपलब्ध हैं। पहले यह विशेष छूट ग्वालियर मेले में सीमित अवधि तक मिल रही थी, लेकिन अब वही लाभ उज्जैन मेले में भी ग्राहकों को दिया जा रहा है। फर्क सिर्फ इतना रहेगा कि वाहन का पंजीयन उज्जैन आरटीओ कोड के अनुसार होगा। यानी गाड़ी का नंबर एमपी 07 की जगह एमपी 13 सीरीज में जारी किया जाएगा।
लाभ उठाने का यह एक और मौका
वाहन खरीदने वालों की सुविधा के लिए मेले में बैंकों के सात काउंटर भी लगाए गए हैं, जहां से फाइनेंस की प्रक्रिया तुरंत पूरी की जा सकती है। इससे ग्राहकों को अलग से बैंक के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और मौके पर ही ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया आसान हो जाएगी। हालांकि, जो लोग उज्जैन से वाहन खरीदकर किसी अन्य शहर ले जाना चाहते हैं, उन्हें वाहन अपने खर्च पर ले जाना होगा।
इसके साथ ही नंबर प्लेट या तो कोरियर के माध्यम से मंगवानी होगी या स्वयं उज्जैन जाकर प्राप्त करनी होगी। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विक्रमजीत सिंह कंग के अनुसार, उज्जैन मेले से वाहन खरीदने पर भी सड़क कर में लगभग पचास फीसदी तक की छूट दी जा रही है।











