Ujjain Accident: उज्जैन-नागदा रोड पर भीषण हादसा, कार-ट्रक टक्कर में 2 की मौत, 2 गंभीर घायल। राहगीर ने दिखाई इंसानियत, घायलों को पहुंचाया अस्पताल।

Ujjain Accident: मध्यप्रदेश। उज्जैन में मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, कार-ट्रक की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हैं। हादसा उज्जैन-नागदा मार्ग पर टोल नाके से करीब पांच किलोमीटर पहले हुआ।

बताया जा रहा है कि, हादसा इतना भीषण था कि, कार की आगे की सीट पर बैठे दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि पीछे बैठे दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का इलाज ग्लोबल और अवन्ति अस्पताल उज्जैन में किया जा रहा है। दोनों को शरीर पर गंभीर चोट आई थी।

राहगीर ने की मदद
हादसे के बाद एक राहगीर मदद के लिए आगे आया। उसके द्वारा घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस दोनों मृतकों के शव को लेकर अस्पताल पहुंची। यहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव दे दिया जाएगा।

देवेंद्र की हालत नाजुक
घायलों की पहचान प्रवेश मारोठिया और देवेंद्र के रूप में हुई है। प्रवेश मारोठिया के पैर में फ्रैक्चर बताया गया है जबकि गंभीर चोट के कारण देवेंद्र की हालत नाजुक है। प्रवेश ने अपने परिजनों को कॉल कर जानकारी दी। इसके बाद घायलों के परिजन अस्पताल पहुंचे।

सीपीआर देकर बचाने की कोशिश
जिस व्यक्ति ने घायलों की मदद  पहचान नन्द कुमार मिश्रा के रूप में हुई है। मिश्रा पेशे से इंजीनियर हैं, वे ग्रेसिम कंपनी के लिए काम करते हैं। उज्जैन जाते हुए उन्होंने देखा कि, एक कार का एक्सीडेंट हो गया है। आसपास लोगों की भीड़ इकठ्ठा है लेकिन कोई मदद के लिए आगे नहीं आ रहा। ऐसे में वे आगे आए, एक तड़पते हुए व्यक्ति को सीपीआर देकर बचाने की कोशिश की लेकिन उसकी जान नहीं बच पाई। इसके बाद उन्होंने एम्बुलेंस बुलवाई। इलाज में देरी न हो इसके लिए वे खुद घायलों को अपनी गाड़ी में बैठकर अस्पताल पहुंचे।