मुरैना। जिले में मंगलवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक तेज रफ्तार कार ने दो मोटरसाइकिलों को एक के बाद एक टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा अंबाह-पोर्सा रोड पर पाली की ताल के पास हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि सनईपुरा निवासी मनमोहन सखवार अपने भतीजों अभिषेक और नरोत्तम के साथ अंबाह हॉस्पिटल से रेबीज के इंजेक्शन लगवाकर घर लौट रहे थे।
दोनों घायलों को मुरैना रेफर किया
इसी दौरान पाली की ताल के पास तेज गति से आ रही एक मारुति अर्टिगा कार ने सबसे पहले मनमोहन सखवार की बाइक को टक्कर मारी। इसके साथ ही कार सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से भी जा भिड़ी। भीषण टक्कर में मनमोहन सखवार और दूसरी बाइक चला रहे गोहद निवासी 22 वर्षीय वकील जाटव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अभिषेक और नरोत्तम गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले अंबाह अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन उनकी हालत नाजुक होने की वजह से डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल मुरैना के लिए रेफर कर दिया।
अधिक रफ्तार के कारण हुआ हादसा
घटना के बाद एसडीओपी रवि भदौरिया ने तुरंत एंबुलेंस की व्यवस्था कर घायलों को अस्पताल भिजवाया और मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार बेहद ज्यादा थी, जिससे बाइक सवारों को संभलने या बचने का कोई मौका नहीं मिला। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना करने वाली कार की पहचान कर ली गई है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है और मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है।









