सतपुडा टाइगर रिजर्व में मस्ती की पाठशाला: शावकों को हमले से बचने और शिकार के दांव-पेंच सिखा रही 'मछली', देखें वीडियो...

Tigress of MP Fish
X
बाघिन अपने शावकों के साथ अठखेलियां करते दिखी।
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की बाघिन मछली का दिलचस्प वीडियो सामने आया है। वीडियो में बाघिन मछली अपने शावक के साथ खेलती और जिंदगी के दांव-पेंच सिखाती दिख रही है। टाइगर फैमिली के लाड़-दुलार का यह VIDEO सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

भोपाल। नर्मदापुरम के सतपुडा टाइगर रिजर्व की बाघिन मछली फिर चर्चा में है। बाघिन अपने शावकों के साथ लाड़-दुलार और मस्ती करते हुए पर्यटकों को दिखाई दी। खेल-खेल में बाघिन अपने शावक को शिकार के दांव-पेंच सिखा रही है। एक पर्यटक ने यह नजारा कैमरे में कैद किया है। वीडियो में दिख रहा है कि बाघिन अपने शावकों को लड़ना और आक्रमण करना सिखा रही है। उकसाते हुए शावकों को आक्रमण से कैसे बचा जाए, यह सब खेल-खेल में सिखाती दिखाई दे रही है। मछली बाघिन के इन शावकों की उम्र 7 माह है। डेढ़ वर्ष तक शावक अपनी मां के साथ रहेंगे। तब तक बाघिन अपने शावक को जंगल के सभी दांव-पेंच सिखा देगी।

सात माह पहले तीन शावकों को दिया था जन्म
मछली बाघिन ने करीब 7 महीने पहले ही 3 शावकों को जन्म दिया है। पिछले 5-6 महीने से सैलानियों को मछली बाघिन अपने शावकों के साथ जंगल में स्पॉट हो रही है। कभी बाघिन शावकों के साथ अठखेलियां तो कभी उन्हें लाड़-दुलार करते दिख जाती है। मंगलवार को भी बाघिन को शावकों के साथ देखकर पर्यटक खुश हो गए। लोगों ने तुरंत अपने कैमरे में नजारा कैद किया।

हाल ही में सैलानियों की जिप्सी के आगे-आगे चलती रही बाघिन
बता दें दो महीने पहले 18 दिसंबर को बाघिन मछली अपने तीन शावकों के साथ खिली घूप में अटखेलियां करती दिखी थी। बाघिन अपने तीनों शावकों के साथ सैलानियों की जिप्सी के आगे-आगे काफी दूर तक चलती रही। इस नजारे को सैलानियों ने अपने कैमरे में कैद किया था। कहा जाता है कि अक्सर 'मछली' और शावकों का आए दिन पर्यटकों को दीदार होता रहता है। बाघिन घने जंगल के बजाय अब पर्यटन जोन में घुल मिल गई है।

सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में 62 बाघ हैं
सतपुड़ा टाइगर रिज़र्व मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा टाइगर रिज़र्व है, जो करीब 2 हजार 2 सौ वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हुई है। STR में पिछले 5 साल में 35 से बढ़कर 62 बाघ हो गए हैं। वहीं उमरिया का बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में 165 बाघ हैं। बांधवगढ़ के अलावा कान्हा टाइगर रिजर्व में 129, पन्ना टाइगर रिजर्व में 64, पेंच टाइगर रिजर्व में 123, 62 और संजय दुबरी टाइगर रिजर्व में 20 बाघ हैं।

Small Bhima

बांधवगढ़ में 'छोटा भीम' ने रोका लिया था साइना का रास्ता
हाल ही में भारत की बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने उमरिया के बांधवगढ़ नेशनल पार्क में टाइगर 'छोटा भीम' को देखा था। बाघ छोटा भीम ने साइना नेहवाल का रास्ता रोक लिया था। बाघ घंटों तक बैडमिंटन खिलाड़ी की जिप्सी के सामने ट्रैक पर बैठा था। साइना नेहवाल ने बाघ छोटा भीम का फोटो खींचा और सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट भी किया था। साइना ने लिखा था कि हेलो मिस्टर छोटा भीम जी। इसके आगे साइना ने एक और पोस्ट की थी। दूसरी पोस्ट में बैडमिंटन खिलाड़ी ने लिखा था कि 'बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान' में आखिरकार छोटा भीम से हमारी मुलाकात हो गई।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story