Logo
सिंगरौली के लोहरा गांव में अंधविश्वास ने खौफनाक रूप ले लिया। जादू-टोना के शक में एक युवक ने अपने ही पड़ोसियों की बेरहमी से हत्या कर दी। सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी।

मध्यप्रदेश। सिंगरौली में अंधविश्वास और नफरत के चलते नरबलि देने का मामला सामने आया है। एक युवक को अपने पड़ोसियों पर जादू-टोना करने का शक था। इसी शक के चलते उसने दोनों की बलि दे दी। पुलिस को मौके से दो लाशें और जादू-टोना का सामान मिला है। मामला जिले के लोहरा गांव का है। सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में तनाव है।

लोहरा गांव में डबल मर्डर
आधुनिक समय में जादू-टोना और नरबलि की इस वारदात को सुनकर हर कोई हैरान है। जियावन थाना क्षेत्र की पुलिस मामले की सूचना मिलने पर लोहरा गांव पहुंची। यहां का डरावना मंजर देख पुलिस वाले भी हैरान रह गए। मृतकों की लाशों के पास नारियल, सिन्दूर और अन्य सामान बिखरा हुआ था। ऐसा लग रहा था कि, बलि के पहले और बाद में जादू-टोना किया गया हो।

हमले में दो अन्य घायल
मृतकों की पहचान 65 वर्षीय केवल सिंह और 50 वर्षीय फूलमती सिंह के रूप में हुई है। पड़ोस में रहने वाला 21 वर्षीय छत्रपति सिंह मामले में मुख्य आरोपी है। छत्रपति सिंह द्वारा किए गए हमले में दो अन्य लोग घायल हुए हैं जिनका इलाज चल रहा है।

आरोपी को नहीं हो रहे थे बच्चे
बताया जा रहा है कि, छत्रपति सिंह की दो साल पहले शादी हुई थी। उसे दो साल से बच्चे नहीं हो रहे थे। हाल ही में उसकी पत्नी का गर्भपात हुआ था। आरोपी ने इसका कारण अपने पड़ोसियों को माना। ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी को शक था कि, पड़ोस में रहने वाले उसके परिवार पर जादू-टोना कर रहे हैं। इसीलिए उसने इस वारदात को अंजाम दिया। दोनों की हत्या के बाद आरोपी ने खुद को कमरे में कैद कर लिया था। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे गिरफ्तार किया।

आरोपी ने दोनों पड़ोसियों की हत्या के लिए कुल्हाड़ी का इस्तेमाल किया था। पुलिस हत्या में उपयोग हुआ हथियार ढूंढने की कोशिश कर रही है। दोनों लाशों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अब आगे की जांच की जा रही है।

5379487