सिंगरौली में बैंक ऑफ महाराष्ट्र में दिनदहाड़े करोड़ों रुपए की लूट। 5 बदमाश फरार, पुलिस और DGP ने जल्द गिरफ्तारी का दिया भरोसा। सीसीटीवी फुटेज आए सामने।

Singrauli Bank Robbery Case: सिंगरौली के बैढ़न थाना क्षेत्र में हुई बैंक लूट की घटना के आरोपी अब भी फरार हैं। डीजीपी कैलाश मकवाना शनिवार को सिंगरोली पहुंचे है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि, आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

शुक्रवार दोपहर सिंगरौली में दिनदहाड़े बैंक लूट की वारदात हुई थी। विंध्यनगर में स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र (Bank of Maharashtra) में पांच हथियारबंद डकैत घुसे और 10 से 15 मिनट में 15 करोड़ रुपए (नगदी और सोना) लेकर फरार हो गए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इसमें 9 से 10 किलो सोना और करीब 20 ख रुलापए कैश शामिल है। डकैतों ने मैनेजर के साथ मारपीट भी की थी। बैंक के अंदर लोगों को डराने के लिए फायरिंग की गई थी। इसके लिए आरोपियों ने देसी कट्टे का इस्तेमाल किया था।

बदमाशों द्वारा बैंक लूट के बाद बाइक से भागते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। इन वीडियो में आरोपी साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस को एक देसी कट्टा भी मिला है। उत्तरप्रदेश और छत्तीसगढ़ की पुलिस भी इन आरोपियों को ढूंढने में लगी है।

लूटा गया सोना उन ग्राहकों का है जिन्होंने बैंक से गोल्ड लोन लिया था। आरोपी पिट्ठू बैग लेकर आए थे। लॉकर में सोना रखा था। पांचों ने बैग में सोना और कैश भरा और फरार हो गए। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप है। जांच के लिए पुलिस अधिकारी पहुंचे। बैंक की गेट पर बन्दूक द्वारा चलाई गई गोली मिली। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए शहर में घेराबंदी भी की गई लेकिन अब तक एक भी आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ है।

छत्तीसगढ़ की तरफ भागे बदमाश
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पांच बदमाश दो अपाचे बाइक से आए थे। एक अपाचे नीले और दूसरी सफेद रंग की थी। लूट के बाद आरोपी मस्जिद तिराहा होते हुए बीजापुर रोड की तरफ चले गए। यह रास्ता छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले को जोड़ता है।