Logo
शाह बानो प्रकरण पर किताब लिखने को लेकर इंदौर में विवाद। लेखिका परवीन बानो ने परिवार से रॉयल्टी विवाद और मारपीट का आरोप लगाया, पुलिस जांच में जुटी।

इंदौर। शाह बानो प्रकरण पर कितान लिखने आई दुबई निवासी लेखिका परवीन बानो और शाह बानो के परिवार के बीच रायल्टी को लेकर शुरू हुई बातचीत ने अब आरोप-प्रत्यारोपों का रूप ले लिया है। रॉयल्टी और वित्तीय शर्तों को लेकर उनके बीच मतभेद गहराने के बाद मामला तनावपूर्ण हो गया है। लेखिका परवीन बानो ने रायल्टी पर चर्चा के दौरान मारपीट और धमकाने के आरोप लगाए हैं। 

परवीन बानो का कहना है कि उन्होंने परिवार से पेशेवर तरीके से संपर्क किया था। उनका उद्देश्य चर्चित शाह बानो केस से जुड़े ऐतिहासिक पहलुओं और पारिवारिक अनुभवों को पुस्तक के रूप में सामने लाना था। लेखिका के अनुसार, वह 13 फरवरी को दुबई से मुंबई पहुंचीं और अगले दिन इंदौर आकर परिवार से मुलाकात की। शुरुआती बातचीत सकारात्मक रही, लेकिन बाद में रायल्टी की शर्तों को लेकर मतभेद उभर आए।

लेखिका का आरोप है कि पुरानी पलासिया क्षेत्र में हुई बैठक के दौरान परिवार की ओर से 25 लाख रुपये अग्रिम और वैश्विक बिक्री पर 30 प्रतिशत हिस्सेदारी की मांग की गई, जो पहले चर्चा में नहीं था। हालांकि बाद में लेखक की रॉयल्टी में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी पर सहमति बनी। विवाद उस समय और गहरा गया जब परवीन बानो खजराना स्थित घर पर इंटरव्यू रिकॉर्ड करने पहुंचीं। 

करीब दो घंटे की रिकॉर्डिंग के बाद उनसे पुराने समझौते पर हस्ताक्षर करने को कहा गया। मना करने पर वहां माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस पर उन्होंने निकलना उचित समझा। लेखिका ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उनका पीछा किया और बाहर भीड़ एकत्र हो गई और बच्चा-चोर कहकर शोर मचाने लगी। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान उनके साथ साथ मारपीट भी की गई।

घटना की सूचना मिलने पर खजराना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। लेखिका के वकील के मुताबिक, थाने में रिकॉर्डिंग को लेकर 2 लाख रुपए जमा कराने की बात कही गई, क्योंकि परिवार की ओर से कथित रूप से इसकी अनुमति नहीं दी गई थी। अब यह मामला कानूनी जांच और आपसी विवाद का विषय बन गया है। दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं, जबकि पुलिस जांच कर रही है।

5379487