रतलाम। एक मामूली गलतफहमी ने भयावह रूप ले लिया। जिसके बाद बाइक सवारों ने राजस्थान के एक ट्रक ड्राइवर की पीट-पीटकर हत्या कर दी, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना बुधवार देर रात बिलपांक थाना क्षेत्र में हुई, जहां दो सगे भाई अपने-अपने ट्रकों से अलग-अलग सामान लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। दोनों भाई उदयसिंह तंवर और भगवानसिंह तंवर महाराष्ट्र से राजस्थान की ओर जा रहे थे। एक ट्रक में पपीता लदा था, जबकि दूसरे में कपास। रास्ते में दोनों की मुलाकात होने के बाद वे साथ-साथ यात्रा करने लगे।
पानी के छींटे पड़े तो समझा थूक दिया
जब वे रतलाम के पास फोरलेन सड़क पर आगे बढ़ रहे थे, तभी आगे चल रहे ट्रक से पानी के छींटे पीछे आ रहे बाइक सवारों पर पड़े। बाइक सवारों ने छींटों को थूक समझा और उन्होंने ट्रक को रुकवाने की कोशिश की। हालांकि, ड्राइवर ने ट्रक नहीं रोका और आगे बढ़ गया। बाइक सवार ट्रकों के पीछे लग गए। कुछ दूरी पर एक होटल के पास ट्रक रुकने पर बाइक सवार भी वहां पहुंचे और उनके बीच बहस शुरू हो गई। बहस ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। इसी बीच छोटा भाई भगवानसिंह भी पहुंच गया। इस दौरान बाइक सवारों ने अपने अन्य साथियों को भी वहां बुला लिया।
लाठी-डंडों-लोहे की रॉड से किया हमला
इसके बाद उन्होंने दोनों भाइयों पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों ट्रक ड्राइवर भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। इलाज के दौरान भगवानसिंह की मौत हो गई, जबकि बड़े भाई उदयसिंह का उपचार जारी है। इस घटना में एक छोटी-सी गलतफहमी ने खतरनाक रूप ले लिया। एक मामूली बात, जिसे आसानी से सुलझाया जा सकता था, वह हिंसा में बदल गई और एक व्यक्ति की जान चली गई। पुलिस ने रिपोर्ट लिखकर मामले की जांच शुरू कर दी है।