Rajgarh Accident: राजगढ़ के कुक्षी मार्ग पर शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि, एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई और इस हादसे में 15 लोग घायल हो गए। एक युवक के पैर बस में फंस गए तो उसकी पत्नी उससे लिपट कर रोने लगी। दुर्घटना सुबह 9 से 10 बजे के बीच हुई। हादसे के बाद चारों ओर चीख-पुकार मच गई।
बताया जा रहा है कि, बस राजगढ़ से टांडा बैग होते हुए मानवार की ओर जा रही थी। रिंगनोद के आगे टांडा घाट पर बस अनियंत्रित हो गई और पलट गई। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। घायल यात्रियों ने एक दूसरे की मदद की।
बस पलटते ही स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंचे। पुलिस को भी हादसे की सूचना दी गई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को अस्पताल भेजा गया। डॉक्टर्स का कहना है कि, एक युवक के पैर बस के नीचे आने से कुचल गए हैं। उनकी पत्नी को भी काफी चोट आई है। 7 घायलों का इलाज अस्पताल में किया जा रहा है।
पुलिस ने जानकारी दी है कि, सात घायल व्यक्तियों का राजगढ़ के कंचन अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। सात अन्य लोग जो घायल हुए हैं उन्हें टांडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया है। बस कैसे पलटी इस बात की जांच की जा रही है। फरार बस चालक की तलाश भी पुलिस कर रही है।