Raisen News: मध्यप्रदेश। निर्माणाधीन पुलिया से गिरकर एक बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा रायसेन से राहतगढ़ तक बने स्टेट हाइवे पर हुआ। मृतक की पहचान 32 वर्षीय अब्दुल कय्यूम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसके शरीर में कई जगह सरिया चुभ गया था। इसी के कारण उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने ठेकेदार पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं।
न चेतावनी बोर्ड न सुरक्षा के इंतजाम
घटना की सूचना मिलने पर नकतरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस सड़क पर दो दिन में हुआ यह दूसरा हादसा है। इसके पहले फलों से भरा मिनी ट्रक निर्माणाधीन पुलिया से नीचे गिर गया था। मृतक के परिजनों का कहना है कि, जहां हादसा हुआ वहां न तो कोई चेतावनी बोर्ड था और न ही सुरक्षा के कोई इंतजाम। ऐसे में ठेकेदार की लापरवाही स्पष्ट रूप से जाहिर होती है।
दोस्तों से मिलने निकला था कय्यूम
मृतक के परिजनों ने यह भी बताया कि, कय्यूम रविवार-सोमवार रात भोपाल से बेगमगंज के लिए निकला था। उसे ईद के मौके पर दोस्तों से मिलना था। उसकी दो बेटियां और एक बेटा है। अगर डायवर्ट रोड का कोई सूचना बोर्ड लगया गया होता या किसी तरह का सांकेतिक बोर्ड होता तो शायद कय्यूम की दर्दनाक मौत नहीं होती।
लोगों की जान को खतरा
यह जानकारी भी सामने आई है कि, इसी सड़क पर दो दिन पहले एक मिनी ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे में ड्राइवर और क्लीनर घायल हो गए थे। लापरवाही के चलते यह रास्ता लोगों की जान के लिए खतरा बन गया है।