भोपाल। किसान महाचौपाल के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाया कि उन्होंने अमेरिका के हाथों भारतीय किसानों के हित गिरवी रख दिए हैं। उन्होंने कहा भारत-अमेरिका व्यापार समझौता देश और किसानों के हितों के खिलाफ है। समझौता दबाव में करना पड़ा। इससे भारत के आर्थिक व कृषि क्षेत्र को भारी नुकसान होने वाला है।
ट्रंप ने कमजोर नस पकड़ी तो नरम पड़े पीएम
राहुल गांधी कहा कि इतिहास में पहली बार नेता प्रतिपक्ष को संसद में महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मुद्दों पर बोलने का अवसर नहीं दिया गया, जबकि वे चीन से जुड़े सीमा विवाद और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे विषय उठाना चाहते थे। राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी ने अमेरिका के साथ दबाव में ट्रेड डील की है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पस्टीन फाइल्स और अडाणी के मुद्दे पर उन्हें झुकने पर मजबूर कर दिया।ऐसा करके उन्होंने देश के किसानों के साथ विस्वासघात किया है।
समझौते पर व्यापक विचार-विमर्श नहीं हुआ
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार ने व्यापार समझौते को लेकर व्यापक विचार-विमर्श नहीं किया। उन्होने आरोप लगाया कि कि इस प्रक्रिया में कैबिनेट स्तर पर पर्याप्त चर्चा नहीं हुई और जल्दबाजी में निर्णय लिया गया। उन्होंने आशंका जताई कि यदि अमेरिकी कृषि उत्पादों जैसे सोयाबीन, कपास और मक्का को बड़े पैमाने पर भारतीय बाजार में प्रवेश मिलता है, तो देश के किसानों को मूल्य प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सस्ते आयात से स्थानीय उत्पादन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
खरगे बोले सरकार कर रही किसानों की अनदेखी
अपने भाषण में उन्होंने यह भी कहा कि भारत को इस समझौते से अपेक्षित लाभ नहीं दिखाई दे रहे हैं। यदि आयात बढ़ता है और निर्यात संतुलित नहीं रहता, तो व्यापार घाटा बढ़ सकता है। उन्होंने कपड़ा उद्योग और सूक्ष्म-लघु उद्यमों पर संभावित असर का मुद्दा भी उठाया, यह कहते हुए कि विदेशी प्रतिस्पर्धा बढ़ने से घरेलू उद्योगों पर दबाव आएगा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी केंद्र सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नाम बदलने और राजनीतिक छवि निर्माण पर अधिक ध्यान दे रही है, जबकि किसानों और आम जनता की समस्याओं पर पर्याप्त संवेदनशीलता नहीं दिखाई जा रही।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प
खरगे ने कहा कि किसी भी समझौते में राष्ट्रीय हितों की अनदेकी नहीं की जानी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान सभा स्थल के आसपास यातायात में बदलाव किया गया था, जिससे कुछ स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। प्रशासन ने व्यवस्था बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए थे, फिर भी भीड़ के कारण कई बार अव्यवस्था देखने को मिली। भारत-अमेरिका व्यापार समझौता देश में राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है।









