Logo
Anurag Thakur Exclusive: ‘चुनावी संवाद’ में हम एक ऐसे शख्स से संवाद करने जा रहे हैं, जो खुद भी चुनाव लड़ रहे हैं और भाजपा के प्रत्याशियों को जिताने के लिए उनके प्रचार प्रसार में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। पढ़िए पूरा इंटरव्यू

Anurag Thakur Exclusive:  ‘चुनावी संवाद’ में हम एक ऐसे शख्स से संवाद करने जा रहे हैं जो खुद भी चुनाव लड़ रहे हैं और भाजपा के प्रत्याशियों को जिताने के लिए उनके प्रचार प्रसार में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। वे रात-दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनकल्याणकारी काम और उनकी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पसीना बहा रहे हैं। हम उस चेहरे की बात कर रहे हैं जो ऊर्जावान है और पीएम मोदी के मंत्रिमंडल में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का बेहतर तरीके से दायित्व संभाल रहे हैं। ये हैं अनुराग सिंह ठाकुर। ठाकुर का कहना है कि आज पीएम मोदी में 20 साल के युवा जैसी ऊर्जा है। वे 18-19 घंटे काम करते हैं, ऐसा देश में ‘एक’ भी हो तो बता दीजिए?

ये भी बोले ठाकुर

  • जहां तक विपक्ष की बात है तो उनके पास न नेता है और न ही नीति है और नीयत भी ठीक नहीं है।
  • जहां तक संघ परिवार का सवाल है तो वो हमारी विचारधारा है। हमें मार्गदर्शन मिलता है। आपको हमेशा मार्गदर्शन की जरूरत होती है और आगे भी रहेगी।

केंद्रीय मंत्री से प्रधान संपादक के सवाल  
सवाल: 2014 के और 2024 के चुनाव में आप क्या अंतर देख रहे हैं?
जवाब: पहले लोग कांग्रेस के भ्रष्टाचार से परेशान थे जिसके कारण उन्होंने उस भ्रष्टाचार के खिलाफ वोट किया था। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनकल्याणकारी काम और नीतियों से उत्साहित होकर मतदान भाजपा के पक्ष में वोट कर रहा है। आज वोटर को लगता है कि दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है, भारत दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बनने जा रहा है। 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है। लोगों को उम्मीद है कि भारत को कोई विकसित बना सकता है तो वो केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। लोगों की उम्मीद पर पीएम मोदी खरे उतरे हैं इसलिए लोगों का उन पर और अधिक भरोसा बढ़ा है।

सवाल: क्या वजह है कि अपनी उपलब्धियों से ज्यादा विपक्ष पर निशाना साधा जा रहा है। क्या इसे विपक्ष की आहट मान सकते हैं?
जवाब: देखिए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आम जनता के साथ बहुत ही बेहतर कम्यूनिकेशन है। देश के कुछ आंकड़ों को देखें तो पूरी तस्वीर स्पष्ट हो जाती है। छोटा सा उदाहरण है कि 4 करोड़ लोगों को पक्के मकान, 12 करोड़ शौचालय, 13 करोड़ घरों में नल से जल और 10 करोड़ बहनों को उज्जवला योजना के तहत गैस चूल्हा और सिलेंडर मुहैया कराने का बड़ा लक्ष्य पूरा किया गया है। यही नहीं पांच लाख तक का 60 करोड़ लोगों को मुफ्त में इलाज और 80 करोड़ लोगों में मुफ्त में राशन के अलावा 11 करोड़ किसानों को सम्मान निधि देने का जो मोदी सरकार ने काम किया है इससे हमारी सीधी कनेक्टिविटी आम जनता से हुई है।

जहां तक विपक्ष के बात है तो उनके पास न नेता है और न ही नीति है और नीयत भी ठीक नहीं है। हिमाचल प्रदेश की जनता कांग्रेस पर हंसती है। वजह ये है कि दो रुपए किलो गोबर और 100 रुपए किलो दूध तो कांग्रेस खरीद नहीं पाई। वो क्या दे पाएगी?

सवाल: सब कुछ बेहतर था तो हिमाचल में विधानसभा चुनाव में आपकी सरकार क्यों नहीं बन पाई?
जवाब:हम सरकार बनाने में  पॉइंट 9 प्रतिशत के कारण रह गए हैं। लेकिन बीते 15-16 महीने को देखें तो राज्य की कांग्रेस सरकार की टांय-टांय फिस हो गई। 9 एमएलए छोड़कर चले गए। आप थोड़ा समझिए। कांग्रेस सरकार ने 1500 रुपए प्रति माह महिलाओं को देने का वादा किया था। 15 माह बीत गए। फूटी चवन्नी नहीं मिली। 5 लाख युवाओं को नौकरी देने की बात की थी, 300 यूनिट बिजली मुफ्त में देने का वादा किया था। ये सब कहां है, किसी को कुछ नहीं मिला।

सवाल: दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के बारे में आप क्या कहेंगे?
जवाब: जेल जाने और भ्रष्टाचार करने में कीर्तिमान बना चुके आम आदमी पार्टी के नेता, मंत्री और उपमुख्यमंत्री के अलावा खुद सीएम  केजरीवाल हैं जो भ्रष्टाचार के मामले में जेल से बाहर आए हैं। उनकी हम क्या बात करें। जो ईमानदारी का राग अलापते - अलापते खुद जेल चले गए। उनसे पहले उनका शिक्षा, स्वास्थ्य, आबकारी जैसे विभागों के मंत्री भ्रष्टाचार के मामले में जेल गए हैं। रही सही कसर आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के साथ हुई मारपीट ने पूरी कर दी। लात घूंसे मारने की घटना ने आम आदमी पार्टी की छवि बहुत खराब की है।

सवाल: एक सवाल ये भी उठ रहा है कि अब पीएम मोदी भी 75 साल के हो जाएंगे तो क्या बहुत कुछ बदलेगा?
जवाब: आज पीएम मोदी में 20 साल के युवा जैसी ऊर्जा है। वे 18-19 घंटे लगातार काम करते हैं। अपने जीवन को उन्होंने देश के लिए समर्पित किया है। ऐसा एक भी हो तो बता दीजिए। पीएम मोदी में जनता और देश के प्रति जबरदस्त समर्पण का भाव है। वे गरीबों के प्रति काफी भावुक हैं। रात-दिन उनके मन में सिर्फ और सिर्फ जनकल्याण ही चलता रहता है। पीएम पहले भी लोकप्रिय और देश के लिए समर्पित नेता थे और आज भी हैं। आज पूरी दुनिया में उनकी लोकप्रियता बढ़ी है

सवाल: आपकी पार्टी के अध्यक्ष हैं जेपी नड्डा । उनका बयान चर्चित हुआ है कि अब आरएसएस की जरूरत नहीं है । हम बड़े हो गए हैं। हम इसका मतलब क्या समझें?
जवाब: देखिए, भारतीय जनता पार्टी दो सांसदों वाली थी। आज 303 लोकसभा और 100 राज्यसभा में सांसद हैं। आज दुनिया में सबसे बड़ी पार्टी भाजपा है। सबसे ज्यादा सांसद,विधायक,महापौर आदि भाजपा के पास हैं। जहां तक संघ परिवार का सवाल है तो वो हमारी विचारधारा है,हमें मार्गदर्शन मिलता है। आपको हमेशा मार्गदर्शन की जरूरत होती और आगे भी रहेगी।

सवाल: यहां राज्य में कांग्रेस सरकार है। आपकी राह को कितना मुश्किल किया है?
जवाब:कांग्रेस अपना धर्म निभा रही है। हम अपना धर्म निभा रहे हैं। वे राम मंदिर पर बुलडोजर चलाने की बात करते हैं। हम बनाने की बात करते हैं। वे गांरटियां देकर मुकर जाते हैं। हम जो कहते हैं उसे पूरा करके दिखाते हैं। अनुच्छेद 370 और 35ए हटाए,तीन तलाक से मुस्लिम बहनों को निजात दिलाई। सीएए कानून बनाया। भाजपा जो कहती है वो करके दिखाती है। देश की अर्थव्यवस्था को 5वें नंबर पर लेकर आए। वो सत्ता का सुख भोगने के लिए आते हैं और हम सेवा करने के लिए आते हैं। बस, यही हमारे और उनके बीच  का अंतर है। चारों लोकसभा और 6 की 6 विधानसभा जीतकर दिखाएंगे

सवाल:मणिपुर और म्यांमार के मामले में आपका क्या नजरिया है?
जवाब: देखिए, कुछ लोग राजनीति करने के लिए मणिपुर में आग लगाने का असफल प्रयास करते हैं। वहां चुनी हुई सरकार है और बेहतर काम कर रही है। जहां तक शिमला की बात है तो वहां भी जाता हूँ लेकिन मुझे हमीरपुर ज्यादा पसंद है। यहां मुझे लोगों का बहुत आशीर्वाद मिलता है। इसलिए, मुझे हमीरपुर बहुत भाता है। हम लोग केवल पार्टी के कार्यकर्ता के तौर पर काम करते हैं जो आदेश मिलता है उसे ईमानदारी से पूरा करने की कोशिश करते हैं।

सवाल: हमीरपुर की आप तारीफ कर रहे हैं। हमीरपुर ने आपको बहुत कुछ दिया है। वहां की जनता को क्या मिला?
जवाब: पीएम मोदी ने हमीरपुर को बहुत कुछ दिया है यहां एम्स बनाया है,नर्सिंग कॉलेज बने हैं, हाईवे बना दिया,रेलवे लाइन बिछा दी,12 ट्रेनें चालू करवा दी। आईआईटी बनवा दी। जहां तक ऊना से हमीरपुर रेलवे लाइन का सवाल है तो ये खुद कांग्रेस ने रुकवा दी। राज्य सरकार ने अपने हिस्से का पैसा नहीं दिया जबकि केंद्र सरकार ने उन्हें चिट्ठी लिखी लेकिन उनके पास विकास के कामों के लिए समय ही नहीं है। विकास के कई कामों में राज्य की कांग्रेस सरकार ने अड़ंगे डालने की कोशिश की है। आने वाले समय में ईश्वर की इच्छा रही तो कांग्रेस सरकार भी हट जाएगी और विकास का रास्ता पूरी तरह खुल जाएगा।

सवाल: भाजपा का नारा 400 पार का है आप कितना दबाव महसूस कर रहे हैं?
जवाब: हम दबाव लेते नहीं देते हैं...पिछली बार हमने 303 सीटें लोकसभा की जीती थी और 70 सीटों पर हम दूसरे नंबर पर रहे। इसलिए हमने अपने लिए 370 और एनडीए मिलाकर 400 सीटों का लक्ष्य रखा है। बीते पांच चरणों के मतदान में हम बहुत आगे रहे हैं और चुनाव पूरा होते होते हम अपने लक्ष्य को आसानी से पार कर लेंगे। कांग्रेस देश की 320 सीटों पर चुनाव नहीं लड़ पा रही है वो तो सत्तर साल पुरानी पार्टी है।    

देखें पूरा साक्षात्कार...

5379487