Logo
नरसिंहपुर में नकुलनाथ की मौजूदगी में कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़े, कार्यक्रम में हंगामा, पुलिस ने पहुंचकर स्थिति संभाली।

Narsinghpur News: मध्यप्रदेश। नरसिंहपुर में शुक्रवार को एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। विवाद तब हुआ जब कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ के बेटे पूर्व सांसद नकुलनाथ मौजूद थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बुलानी पड़ी। हालांकि किसी पक्ष द्वारा थाने में एफआईआर दर्ज नहीं की गई।

रानी अवंतीबाई लोधी का बलिदान दिवस
जानकारी के अनुसार, नरसिंहपुर जिले में कांग्रेस कमेटी ने स्वतंत्रता सेनानी रानी अवंतीबाई लोधी के 168वें बलिदान दिवस पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम में पूर्व सांसद नकुलनाथ को मुख्य अतिथि के रूप में बुलाया गया था। 

स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी
अपना भाषण पूरा करके नकुलनाथ मंच से उतरे तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि, दोनों पक्षों को शांत करने के लिए पुलिस को आना पड़ा। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विवाद छींटाकशी के कारण हुआ था। विवाद के चलते कार्यक्रम स्थल पर तनाव की स्थिति हो गई थी।

नकुलनाथ ने सरकार पर साधा निशाना
पूर्व सांसद नकुलनाथ ने मंच से भाजपा की प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, एमपी में किसान, नौजवान और महिलाएं परेशान हैं। उन्होंने बढ़ते बेरोजगारी और महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों को लेकर सरकार की आलोचना की। किसानों का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि, ओलावृष्टि के कारण किसानों का बहुत नुकसान हुआ है। सरकार को जल्द ही सर्वे कर मुआवजा देना चाहिए।

7